अब शहर की सड़कों पर नहीं दिखेंगे आवारा पशु और कूड़ा, ऋतु महेश्वरी ने दिया यह आदेश

Noida : अब शहर की सड़कों पर नहीं दिखेंगे आवारा पशु और कूड़ा, ऋतु महेश्वरी ने दिया यह आदेश

अब शहर की सड़कों पर नहीं दिखेंगे आवारा पशु और कूड़ा, ऋतु महेश्वरी ने दिया यह आदेश

Tricity Today | ऋतु महेश्वरी ने किया दौरा

  • शहर में सॉलि़ड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता बढ़ाई जाएगी
  • अपने पशुओं को आवारा छोड़ने वालों पर अब कार्यवाही होगी
  • अगर कोई सफाई कर्मचारी भर्ती में नहीं मिला तो एक्शन होगा
  • ऋतु महेश्वरी ने सेक्टर-1 से 12 तक सफाई का जायजा लिया
नोएडा शहर की सड़कों पर अब आवारा पशु नजर नहीं आएंगे। अगर शहर में आवारा पशु घूमते नजर आए तो उनके मालिकों पर कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा शहर की सड़कों पर सुबह 11:00 बजे के बाद कूड़ा नहीं दिखना चाहिए। गुरुवार को यह आदेश नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने दिए हैं। ऋतु महेश्वरी गुरुवार को शहर का जायजा लेने निकली थीं। इस दौरान उन्हें साफ-सफाई से जुड़ी कई गड़बड़ियां भी मिली हैं।

नोएडा में आवारा पशु लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। सबसे ज्यादा शहर की सफाई और ट्रैफिक को प्रभावित करते हैं। दिनभर शहर की सड़कों पर गोबर करके गंदगी फैलाते हैं। आवारा पशुओं का झुंड ट्रैफिक के लिए बाधा बनता है। जिससे जाम लग जाता है। दरअसल, सुबह लोग अपने पशुओं को शहर में खुला छोड़ देते हैं, जो शाम तक टहलकर वापस मालिक के घर पहुंच जाते हैं। अब इस गलत प्रचलन पर लगाम लगाई जाएगी। सीईओ ऋतु महेश्वरी ने मातहत अफसरों का आदेश दिया है कि इसके लिए नियम बनाए जाएं। जो लोग अपने पशुओं को आवारा सड़कों पर छोड़ देते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाए।



शहर की सड़कों पर सुबह 11:00 के बजे बाद कूड़ा नहीं दिखेगा
ऋतु महेश्वरी जब सेक्टर-5 और सेक्टर-9 में पहुंची तो वहां सफाई करके कूड़े के ढेर एकत्र कर दिए गए थे। सीईओ ने कहा कि सुबह 11:00 बजे के बाद शहर के किसी भी हिस्से में कूड़े के ढेर नजर नहीं आने चाहिए। सुबह सफाई करने के तुरंत बाद कूड़ा सड़कों से उठा दिया जाए। अगर अब सड़क किनारे सुबह 11:00 बजे के बाद कूड़ा दिखाई दिया तो उस इलाके के स्वास्थ्य इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चौड़ा गांव में अवैध निर्माण होता मिला, कार्रवाई का आदेश
ऋतु महेश्वरी जब चौड़ा गांव में साफ-सफाई का जायजा लेने पहुंची। उन्होंने सड़क किनारे अवैध निर्माण होता पाया। इस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की है। यह व्यवसायिक निर्माण किया जा रहा था। पूछने पर पता चला कि कुछ लोग गलत तरीके से अवैध दुकानों का निर्माण कर रहे हैं। इस पर ऋतु महेश्वरी ने तत्काल कार्यवाही करने का आदेश दिया। वर्क सर्किल के अधिकारियों और भूलेख विभाग को कार्यवाही करने के लिए कहा है।



वर्दी पहनकर काम करेंगे सफाई कर्मचारी नहीं तो न पाएंगे
ऋतु महेश्वरी ने गुरुवार को शहर में सेक्टर-1 से लेकर सेक्टर-12 तक सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकतर कर्मचारी यूनिफॉर्म में नहीं थे।। ऋतु महेश्वरी ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया है कि कार्यस्थल पर सभी सफाई कर्मचारी वर्दी में काम करेंगे। वर्दी पहनना पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए। अगर कोई कर्मचारी वर्दी में काम नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

वेंडिंग जोन खाली और अनाधिकृत स्थानों पर खोमचे मिले
शहर में एक और अव्यवस्था देखने के लिए मिली। नोएडा विकास प्राधिकरण ने रेहड़ी, पटरी और खोमचे वालों के लिए वेंडिंग जोन निर्धारित किए हैं। इन वेंडिंग जोन में ही इस तरह की दुकानें लगाई जा सकती हैं। सीईओ ऋतु महेश्वरी ने बताया कि वेंडिंग जोन खाली पड़े मिले हैं, जबकि अनाधिकृत स्थानों पर रेहड़ी पटरी लगाई गई थीं। यह बेहद खराब व्यवस्था है। वेंडर को केवल वेंडिंग जोन में ही रेहड़ी-पटरी लगाने की इजाजत दी जाए।।अनाधिकृत स्थानों पर खड़े होने वाले वेंडर पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इन लोगों को तत्काल हटाने का आदेश मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने दिया है।



सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता बढ़ाकर दोगुनी की जाएगी
ऋतु महेश्वरी ने शहर के सेक्टर-80 में सॉलि़ड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का दौरा किया। वहां देखने को मिला कि कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। पूछने पर बताया गया कि वर्तमान में प्लांट की क्षमता 300 टन प्रतिदिन है, जबकि कूड़ा इससे ज्यादा निकल रहा है। सीईओ ने प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता बढ़ाने का आदेश दिया है। सी एंड ई वेस्ट कलेक्शन के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर को ज्यादा से ज्यादा प्रसारित करने का आदेश भी दिया है। यह हेल्पलाइन नंबर 18008919657 है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.