Noida News : "व्यवस्था को चलाने के लिए जितने महत्वपूर्ण सरकार और प्रशासन हैं, उतने ही जरूरी पत्रकार हैं। पत्रकारों की सुरक्षा और हितों के लिए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। गौतमबुद्ध नगर के पत्रकारों की आवश्यकताएं क्या हैं और उन्हें कैसे पूरा किया जा सकता है? इस एजेंडे पर हम सब मिलकर काम करेंगे। उससे सरकार को अवगत कराएंगे।" यह बातें सोमवार को नोएडा मीडिया क्लब के होली मिलन समारोह में गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कही हैं।
अपनों के बीच सम्मान मिलना सबसे बड़ी उपलब्धि : लक्ष्मी
नोएडा मीडिया क्लब ने इस मौके पर तीन दिग्गज पत्रकारों शंभूनाथ शुक्ला, विनोद अग्निहोत्री और वीरेंद्र सिंह मलिक को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया है। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शंभूनाथ शुक्ला और वीरेंद्र सिंह मलिक को यह अवॉर्ड दिया। लक्ष्मी सिंह ने कहा, "जिन तीन पत्रकारों को सम्मानित किया गया है, उनका अनुभव हमारी उम्र से भी लंबा है। अपनों के बीच और अपनी फ्रेटरनिटी के बीच सम्मान हासिल करना सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। दरअसल, अपने ही हमारी तमाम खूबियों और खामियों से परिचित होते हैं। अगर अपने इतना सम्मान देते हैं तो उससे हमारे काम को प्रमाणिकता मिल जाती है।"