नोएडा गोल्फ कोर्स के अफसरों पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, गम्भीर आरोप

BIG BREAKING : नोएडा गोल्फ कोर्स के अफसरों पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, गम्भीर आरोप

नोएडा गोल्फ कोर्स के अफसरों पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, गम्भीर आरोप

Tricity Today | मुख्य मार्ग को बैरियर लगाकर अवरुद्ध किया

Noida News : नोएडा से बड़ी खबर है। नोएडा गोल्फ कोर्स के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मिली जानकारी के मुताबिक गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट ने मुख्य मार्ग को बैरियर लगाकर अवरुद्ध कर रखा था। जिसकी वजह से लोग परेशान थे। पुलिस से शिकायत कर रहे थे। सेक्टर-37 की पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल शक्ति सिंह की ओर से यह मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट ने जानबूझकर सार्वजनिक यातायात के मार्ग को बैरियर लगाकर अवरुद्ध किया। जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की संभावना है।

पुलिसकर्मियों को गश्त के दौरान मिली सूचना
एफआईआर में बताया गया है कि सेक्टर-37 पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल शक्ति सिंह और कांस्टेबल सचिन कुमार गश्त कर रहे थे। जब पुलिसकर्मी गोल्फ कोर्स के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुख्य मार्ग पर बैरियर लगाकर यातायात और आवागमन को अवरुद्ध किया गया था। जिससे लोगों को बड़ी परेशानी हो रही थी लोगों ने पुलिस कर्मियों से शिकायत की। आम लोगों में गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट के खिलाफ रोष व्याप्त था। पुलिसकर्मियों ने गोल्फ कोर्स के अधिकारियों-कर्मचारियों को बैरियर हटाने और मार्ग अवरुद्ध नहीं करने के लिए कहा था। लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिसकर्मियों की बात नहीं सुनी।

पहले भी विवादों में रह चुका है नोएडा गोल्फ कोर्स
नोएडा गोल्फ कोर्स के साथ विवादों का पुराना रिश्ता है। करीब 2 साल पहले पर्यावरणविद विक्रांत तोंगड़ ने नोएडा गोल्फ कोर्स के खिलाफ नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में मुकदमा दायर किया था। गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट पर अवैध रूप से जल दोहन करने का आरोप लगा था। इस मामले में एनजीटी ने पहले जांच का आदेश दिया था। जांच में विक्रांत के आरोप सही पाए गए थे। एनजीटी ने नोएडा गोल्फ कोर्स पर भारी-भरकम जुर्माना लगाया था। इसके अलावा गोल्फ कोर्स से गेंद बाहर आकर मुख्य मार्ग से गुजरते वाहनों पर गिरने की तमाम घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें कारों के शीशे टूटने और लोगों को चोट लगने की शिकायतें शामिल हैं।

मुख्य सड़क की सर्विस रोड पर लगा है बैरियर
आपको बता दें कि नोएडा गोल्फ कोर्स दिल्ली-नोएडा मेट्रो रूट और शहर के मुख्य मार्ग पर है। सेक्टर-37 से आगे बढ़ते ही जहां गोल्फ कोर्स की दीवार शुरू होती है, वहां सर्विस लेन पर बैरियर लगाया गया है। गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट बैरियर के पास एक सिक्योरिटी गार्ड तैनात रखता है, जो सर्विस लेन का उपयोग करने वाले लोगों को रोकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट का उद्देश्य इस सड़क को बाधित करके लोगों का आवागमन रोकना है। इसकी वजह से कई सेक्टरों के लोग परेशान होते हैं। मैनेजमेंट अपने मुख्य द्वार के सामने से लोगों का आवागमन होने देना नहीं चाहता है। इस मुद्दे को लेकर कई बार शहर के आम लोग शिकायत कर चुके हैं। गोल्फ कोर्स मैनेजमेंट को यह बैरियर हटाने के लिए पूर्व में कहा जा चुका है, लेकिन इन चेतावनी पर कोई अमल नहीं किया गया। इस बार मैनेजमेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जल्दी कार्रवाई की जाएगी।

प्रबंधन में शीर्ष पदों पर अथॉरिटी के अफसर
नोएडा गोल्फ कोर्स को संचालित करने वाली संस्था और कंपनी के शीर्ष पदों पर नोएडा अथॉरिटी के मौजूदा व पुराने अधिकारी हैं। यही वजह है कि नोएडा गोल्फ कोर्स का मैनेजमेंट मनमर्जी से काम करता है। शहर के सबसे व्यस्त मार्ग की सर्विस लेन को बैरियर से रोककर रखा गया है। यह पूरी तरह नोएडा विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन है। सही मायने में इसके लिए नोएडा अथॉरिटी को गोल्फ कोर्स के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.