प्रियंका गांधी ने किए 3 सवाल, भाजपा नेताओं के साथ 12 फोटो ट्वीट किए

श्रीकांत त्यागी मामला : प्रियंका गांधी ने किए 3 सवाल, भाजपा नेताओं के साथ 12 फोटो ट्वीट किए

प्रियंका गांधी ने किए 3 सवाल, भाजपा नेताओं के साथ 12 फोटो ट्वीट किए

Tricity Today | Priyanka Gandhi

Noida | New Delhi : नोएडा के गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी को लेकर अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने भी मोर्चा खोल दिया है। प्रियंका गांधी ने अबसे थोड़ी देर पहले ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने श्रीकांत त्यागी के 12 फोटो पोस्ट किए हैं। इन फोटो में श्रीकांत त्यागी को भारतीय जनता पार्टी की टॉप लीडरशिप के साथ देखा जा सकता है। प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से 3 सवाल किए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि श्रीकांत त्यागी का हौसला भाजपा नेताओं के बूते पर है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि उसे अभी भी भारतीय जनता पार्टी के नेता ही बचा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, "क्या इतने सालों से भाजपा सरकार को नहीं पता था कि नोएडा के भाजपा नेता का निर्माण अवैध है? बुलडोजर की कार्रवाई दिखावटी है। इन सवालों के जवाब से सरकार बच रही है। एक महिला के साथ खुलेआम अभद्रता और 10-15 गुंडे भेजकर महिलाओं को धमकाने की हिम्मत उसे कौन दे रहा है? कौन है जो उसको बचाता रहा?" प्रियंका गांधी ने तीसरा सवाल किया, "किसके सरंक्षण में उसका गुंडाराज और अवैध कारोबार फला-फूला?" आपको बता दें कि इस मामले को लेकर नोएडा में कांग्रेस नेत्री पंखुड़ी पाठक पहले ही दिन से मुखर हैं। पंखुड़ी लगातार आरोप लगा रही हैं कि श्रीकांत त्यागी को फरार किया गया है। उसको फरार करने में नोएडा पुलिस के अफसरों का हाथ है। श्रीकांत त्यागी को भारतीय जनता पार्टी के नेता बचा रहे हैं।

आपको बता दें कि शुक्रवार को तथाकथित भारतीय जनता पार्टी के नेता श्रीकांत त्यागी ने नोएडा शहर की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में एक महिला के साथ बेहद अशोभनीय व्यवहार किया। महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस मामले में थाना फेज-2 के एसएचओ सुजीत उपाध्याय ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। जिसकी वजह से श्रीकांत त्यागी को फरार होने का मौका मिल गया। मामला यहीं नहीं रुका। श्रीकांत त्यागी के पक्ष में 15-20 युवक रविवार की रात ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में जा घुसे। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने फेज-2 थाने के एसएचओ को सस्पेंड किया है।

विपक्षी दल इस पूरे मामले पर पल-पल की जानकारी हासिल कर रहे हैं। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पिछले 3 दिनों के दौरान इस प्रकरण को लेकर कई ट्वीट किए हैं। समाजवादी पार्टी के तमाम नेता सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर हल्ला बोल रहे हैं। सपा नेताओं का सीधा आरोप है कि श्रीकांत त्यागी भारतीय जनता पार्टी का नेता है। उस पर तमाम बड़े भाजपा नेताओं का हाथ है। अब जब माहौल बिगड़ा तो डैमेज कंट्रोल करने के लिए भाजपा श्रीकांत त्यागी से पल्ला छुड़ा रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.