प्रियंका गांधी ने नोएडा के डूब क्षेत्र का मुद्दा उठाया, कहा- केवल पूंजीपतियों की सुन रही सरकार

UP Election : प्रियंका गांधी ने नोएडा के डूब क्षेत्र का मुद्दा उठाया, कहा- केवल पूंजीपतियों की सुन रही सरकार

प्रियंका गांधी ने नोएडा के डूब क्षेत्र का मुद्दा उठाया, कहा- केवल पूंजीपतियों की सुन रही सरकार

Google Image | प्रियंका गांधी और पंखुड़ी पाठक

Noida : उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने पिछले एक सप्ताह में दूसरी बार गौतमबुद्ध नगर से जुड़े बड़े मुद्दे उठाए हैं। प्रियंका ने रविवार को ट्वीट करके नोएडा के डूब क्षेत्र की समस्याओं पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को घेरा है। इससे पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा के हजारों फ्लैट बायर का बड़ा मुद्दा उठाया था। प्रियंका गांधी बीते गुरुवार को दादरी विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार दीपक भाटी चोटीवाला के लिए रोड शो करने आई थीं। इस दौरान उन्होंने फ्लैट खरीदारों से बातचीत की थी। अब रविवार को उन्होंने नोएडा के डूब क्षेत्र में कच्ची कॉलोनियों की परेशानी को सामने रखते हुए उत्तर प्रदेश में सरकार आने पर समाधान का आश्वासन दिया है।

"समस्याओं का समाधान करने लिए हमें बदलाव लाना होगा"
प्रियंका गांधी ने रविवार की दोपहर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, "नोएडा में डूब क्षेत्र वासियों के साथ घोर अन्याय हो रहा है। उन्हें बिजली और पानी मिलने का पूरा हक़ है। यह सरकार न ग़रीब की सुनती है, न मिडिल क्लास की। सिर्फ़ और सिर्फ़ अपने गिने चुने पूंजीपति मित्रों का फायदा सोचती है। हमें मिलकर बदलाव लाना पड़ेगा। मैं अपने डूब क्षेत्र के बहनों-भाइयों से कहना चाहती हूँ कि कांग्रेस आपके साथ खड़ी है और आपकी समस्याओं को दूर करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।"

इससे पहले उठाया था फ्लैट खरीदारों का मसला
बीते गुरुवार को प्रियंका गांधी ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों फ्लैट खरीदारों की समस्या उठाई थी। उस दिन भी प्रियंका गांधी ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए थे। जिनमें उन्होंने लिखा था, "नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट बायर्स के साथ खुलेआम अन्याय हो रहा है। कई सालों से उन्हें बिना रजिस्ट्री के अपने ही मकानों में किरायेदारों की तरह रहना पड़ रहा है। गलती बिल्डर्स की है। मिलीभगत प्रशासन और बिल्डर्स की है लेकिन भुगतना फ्लैट बायर्स को पड़ता है। नोएडा में जनसंवाद के दौरान मैंने उन्हें आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है और उनकी लड़ाई में हरसंभव मदद करेगी।"

नोएडा और दादरी सीट के लिहाज से यह बड़े मुद्दे हैं
गौतमबुद्ध नगर की 2 विधानसभा सीटों दादरी और नोएडा के लिहाज से यह दोनों मुद्दे बड़े हैं। प्रियंका गांधी ने इन मुद्दों को उठाकर लाखों फ्लैट बायर्स का ध्यान कांग्रेस की ओर खींचने का प्रयास किया है। आपको बता दें कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाउसिंग सोसाइटीज में करीब एक लाख परिवार ऐसे हैं, जो अपने घरों में तो रह रहे हैं लेकिन उन्हें कानूनी रूप से अभी तक मालिकाना हक नहीं मिला है। इन हाउसिंग सोसाइटीज का निर्माण करने वाले बिल्डरों ने विकास प्राधिकरण को जमीन का पूरा पैसा नहीं दिया है। जिसके चलते अथॉरिटी हाउसिंग सोसाइटीज का ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट और कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं दे रही हैं। फ्लैट बायर्स के नाम उनके घरों की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है।

हिंडन डूब क्षेत्र रहते हैं लाखों परिवार
दूसरी तरफ नोएडा में कुलेसरा से लेकर छिजारसी तक हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में लाखों परिवार रह रहे हैं। यह सारे लोग नोएडा विधानसभा सीट के वोटर हैं। इन कॉलोनियों में बिजली के स्थाई कनेक्शन अब तक नहीं दिए जा सकते हैं। यहां पेयजल संकट है। सड़क नहीं हैं। सीवर लाइन भी नहीं हैं। यह सारी कॉलोनियां भूमाफिया ने बसाई हैं। अब यहां रहने वाले लोग विकास प्राधिकरण, गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और सरकार से सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस की नोएडा सीट से प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक पिछले करीब एक साल से इन लोगों के मुद्दे जोर-शोर से उठा रही हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रियंका गांधी ने रविवार को यह मामला उठाया है। दरअसल, कांग्रेस की नजर हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में रहने वाले करीब 50,000 वोटरों पर है।

पिछले 15 वर्षों से शहर में परेशान हैं लाखों फ्लैट खरीदार
आपको बता दें कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट खरीदारों पर संकट पिछले 15 वर्षों से बरकरार है। पहले विकास प्राधिकरण और किसानों के बीच लंबे मुकदमे चले। जिसके चलते बिल्डरों को जमीन पर कब्जा नहीं मिल पाया। इसके बाद बिल्डर डिफॉल्टर हो गए और प्रोजेक्ट लटक गए। अब बिल्डरों को सीसी-ओसी नहीं मिल रहे हैं। जिसके कारण अब फ्लैट्स की रजिस्ट्री नहीं हो रही हैं। यह सिलसिला वर्ष 2007 से शुरू हुआ था। अब तक परेशानी का दौर जारी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.