नोएडा में प्रदर्शनकारी किसानों ने सांसद महेश शर्मा का घेराव किया

किसान आंदोलन नोएडा में प्रदर्शनकारी किसानों ने सांसद महेश शर्मा का घेराव किया

नोएडा में प्रदर्शनकारी किसानों ने सांसद महेश शर्मा का घेराव किया

Tricity Today | नोएडा में सांसद महेश शर्मा का घेराव करते किसान।

नए कृषि कानूनों के विरोध में 11वें दिन शनिवार को किसानों ने गौतमबुद्ध नगर सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा का सेक्टर-27 में घेराव किया। दलित प्रेरणा स्थल पर धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम सांसद को घेरा और अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा है। किसानों ने अपनी नौ सूत्री मांगों को पूर्व केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा है।

किसानों ने उनसे कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक उनकी बात पहुंचाएं। सांसद ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी मांग हैं, उनको वह गृह मंत्री और प्रधानमंत्री तक 24 घंटे के अंदर पहुंचाएंगे। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्योराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसान आयोग का गठन करे। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम पर खरीदारी करने वालों के खिलाफ कानून बनाए। सांसद के आश्वासन के बाद किसान नेता वापस धरना स्थल पर चले गए।

दलित प्रेरणा स्थल से सांसद डॉ महेश शर्मा के कैंप कार्यालय कैलाश अस्पताल तक किसान नारेबाजी करते हुए पहुंचे। कैलाश अस्पताल के नीचे पहुंचकर किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सांसद ने किसानों को बातचीत करने के लिए बुलाया। किसानों ने सांसद को बताया कि केंद्र सरकार के कानून खेती-बाड़ी और किसानों के खिलाफ है। इन्हें तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। सरकार अड़ियल रुख अपनाए हुए है। यह उचित नहीं है। अगर जल्दी ही सरकार ने फैसला नहीं लिया तो मजबूर होकर किसानों को और कड़े कदम उठाने पड़ेंगे। इस पर सांसद डॉ महेश शर्मा ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी बात प्रधानमंत्री और गृहमंत्री तक पहुंचा देंगे।

LIVE किसानों ने राजनाथ सिंह से मुलाकात के बाद नोएडा का चिल्ला बॉर्डर खोला, धरना जारी
Farmers opened Noida's chilla border after meeting Rajnath Singh, strike continues

शनिवार की देर शाम दिल्ली में किसानों ने रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री की मुलाकात की। जिसके बाद चिल्ला बॉर्डर खोल दिया गया है। दोनों नेताओं से बात करके किसान चिल्ला बॉर्डर खोलने के लिए तैयार हो गए हैं। जानकारी मिली है कि किसानों और राजनाथ सिंह के बीच कुछ बिंदुओं पर सहमति बानी है। हालांकि, अभी इस बातचीत का आधिकारिक ब्यौरा उपलब्ध नहीं करवाया गया है। किसानों को सहमत करने और राजनाथ सिंह से मुलाकात करवाने में नोएडा पुलिस के सीनियर अफसरों की अहम भूमिका रही है।

आपको बता दें कि 12 दिन से भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान चिल्ला बॉर्डर पर धरना देकर बैठे हुए थे। जिसके चलते चिल्ला बॉर्डर सील था। नोएडा शहर के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब शनिवार को ठाकुर भानु प्रताप सिंह को नोएडा पुलिस के शीर्ष अफसरों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात करने के लिए तैयार किया। ठाकुर भानु प्रताप सिंह और उनके साथियों की रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री से मुलाकात हुई। जिसके बाद देर रात चिल्ला बॉर्डर खोल दिया गया है। हालांकि, अभी धरना जारी रहेगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.