यूपी में प्रवेश करने वाले हैं राहुल गांधी, कांग्रेसियों में दौड़ने लगा करंट

भारत जोड़ो न्याय यात्रा : यूपी में प्रवेश करने वाले हैं राहुल गांधी, कांग्रेसियों में दौड़ने लगा करंट

 यूपी में प्रवेश करने वाले हैं राहुल गांधी, कांग्रेसियों में दौड़ने लगा करंट

Google Image | राहुल गांधी

Noida News : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2.0 देश के पूर्वोतर राज्य मणिपुर से मुंबई तक निकाल रहे हैं। राहुल गांधी न्याय यात्रा के साथ चंदौली से 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेंगे। इस यात्रा के जरिये राहुल 20 जिलों में 11 दिनों और 1074 किलोमीटर की यात्रा कर लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। इस दौरान अमेठी, लखनऊ, बरेली आदि जनपदों में राहुल गांधी की रैलियां होने की भी संभावना है। इस सूचना के बाद से प्रदेश कांग्रेस के सभी संगठन एक्टिव हो गए हैं। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और करंट दौड़ने लगा है।

इन जिलों से गुजरेगी यात्रा
बताया जा रहा है कि चंदौली से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के साथ ही यात्रा वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस और आगरा जनपद से गुजरेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा आगरा से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। 

यूपी को लेकर खासी तैयारी
उत्तर प्रदेश को लेकर यह यात्रा खासा महत्व रखती है। प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले होने जा रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा कांग्रेस को कितना फायदा पहुंचाएंगी, इस बात पर भी सबकी नजर बनी रहेगी। राहुल गांधी ऐसे समय पर यात्रा लेकर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं, जब गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। खैर, राहुल गांधी की प्रस्तावित भारत जोड़ने न्याय यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। 

6 फरवरी को लखनऊ में होनी है बैठक
 युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शहाबुद्दीन ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव अविनाश पांडे की अध्यक्षता में लखनऊ में छह फरवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बैठक होने जारी है। जिसमें युवा कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, राष्ट्रीय छात्र संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और शहर अध्यक्षों समेत सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में गौतमबुद्ध नगर के जिला और शहर के कुछ पदाधिकारियों को यात्रा को लेकर बड़ी जिम्मेदारी भी दिए जाने की संभावना है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बड़ी रैलियों के साथ-साथ जनपदों में छोटी सभाएं करने के लिए तैयार रहने के निर्देश पार्टी हाईकमान की और दिए गए हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता पूनम पंडित ने बताया कि यहां के कांग्रेसी उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को पूरी मजबूती के साथ सफल बनाने का कार्य करेंगे।

चंदौली, बुलंदशहर और अलीगढ़ में शामिल होंगे नोएडा के कांग्रेसी
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस बार उत्तर प्रदेश में बड़ा क्षेत्र कवर करेगी। लेकिन, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और मेरठ इससे अछूते ही रह जाएंगे। ऐसे में नोएडा और गाजियाबाद जनपद के कांग्रेसी किस जनपद में यात्रा में शरीक होंगे, यह अपने आप में कांग्रेसियों के जहन में यह बड़ा सवाल है। इसको लेकर कांग्रेस के नोएडा महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर ने बताया कि यात्रा को लेकर प्रदेशभर के कांग्रेसियों में जोश और उत्साह है। प्रदेश के कांग्रेसी राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद और नोएडा के कांग्रेसियों को भी यात्रा में शरीक होने का मौका मिलेगा। संभवतः नोएडा और गाजियाबाद के कांग्रेसियों को नजदीकी जनपद बुलंदशहर में यात्रा में पहुंचकर शरीक होने के निर्देश दिए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश हाईमान से इस दिशा में निर्देश मिलने पर यात्रा में जाने की तैयारियों को अमलीजामा पहनाना पहनाना शुरू कर दिया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.