सेक्टर-62 में मंचन के लिए प्रशासन ने दी हरी झंडी, मुरादनगर के कलाकार करेंगे लीला

Ramlila Noida : सेक्टर-62 में मंचन के लिए प्रशासन ने दी हरी झंडी, मुरादनगर के कलाकार करेंगे लीला

सेक्टर-62 में मंचन के लिए प्रशासन ने दी हरी झंडी, मुरादनगर के कलाकार करेंगे लीला

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Noida : नोएडा में रामलीला मंचन की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। शहर में अलग-अलग जगहों पर होने वाली रामलीला का भूमि पूजन हो गया है। सेक्टर-62 मैदान में श्री राम मित्र मंडल द्वारा लगभग 10 सालों से रामलीला का आयोजन करवाया जाता है। इस बार 26 सितंबर से 6 अक्टूबर तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। ऐसे में नोएडा प्राधिकरण ने रामलीला मंचन और मेले की अनुमति श्री राम मित्र मंडल को दे दी है। सेक्टर-62 के मैदान में मुरादनगर के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे।

सभी जगह से मिली अनुमति
श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि मंचन के लिए नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-62 के रामलीला मैदान में रामलीला करने के लिए अनुमति दे दी है। सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय के कार्यालय से भी समिति को अनुमति पत्र और अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया है। अग्निशमन विभाग, विद्युत सुरक्षा विभाग, यातायात पुलिस, एलआईयू विभाग आदि से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी मिल गया है।

तैयारियों को अंतिम रूप
समिति के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि मंचन के लिए कलाकारों की मंडली, पुतला निर्माण, टेंट, बिजली, मंच सज्जा, साउंड आदि से सम्बंधित सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

भव्य रामलीला मंचन
शर्मा ने बताया कि समिति रामलीला का मंचन पूरी भव्यता और आधुनिक तकनीक से करेगी। समिति द्वारा नोएडावासियों को भव्य रामलीला मंचन दिखाया जाएगा। दशहरा के दिन रावण, कुम्भकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। श्रीराम मित्र मंडल नोएडा भगवान श्रीराम की लीला को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश करेगा।

बैठक में शामिल हुए यह लोग
आयोजन की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने और सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सेक्टर-9 में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गर्ग, राजकुमार गर्ग, अनिल गोयल, सतनारायण गोयल, मुकेश अग्रवाल, एसएम गुप्ता, पवन गोयल, चौधरी रविंद्र सिंह आदि सदस्य उपस्थित रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.