ऋतु महेश्वरी ने इंदिरा गांधी कला केंद्र में फहराया तिरंगा, लोगों को दिलाई यह खास शपथ

Republic Day Special : ऋतु महेश्वरी ने इंदिरा गांधी कला केंद्र में फहराया तिरंगा, लोगों को दिलाई यह खास शपथ

ऋतु महेश्वरी ने इंदिरा गांधी कला केंद्र में फहराया तिरंगा, लोगों को दिलाई यह खास शपथ

Social Media | ऋतु महेश्वरी

नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने नोएडा के इंदिरा गांधी कला केंद्र प्रांगण में ध्वजारोहण कर 72वें गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से नोएडा शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने की अपील की। ध्वजारोहण के बाद अधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई और एक संविधान सम्मत नागरिक बनकर देश को आगे बढ़ाने के लिए कहा। 

गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम में नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) प्रवीण मिश्रा, एसीईओ नेहा शर्मा, मुख्य महाप्रबंधक राजीव त्यागी, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, ओएसडी यू.एस उपाध्याय, ओएसडी डॉ अविनाश त्रिपाठी, उप महाप्रबंधक (जनस्वास्थ्य) एससी मिश्रा, उप महाप्रबंधक (जल एवं सीवर) आरपी सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक वर्क सर्किल-9 तथा जन स्वास्थ विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक श्यौदान सिंह, गौरव बंसल, एनईए के अध्यक्ष चौ राज कुमार, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

स्वच्छता पर दिया जोर 
सीईओ ऋतु महेश्वरी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर नोएडा को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने पर विशेष जोर दिया। हालांकि इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण पिछले काफी वक्त से लगातार स्वच्छता अभियान चला रहा है। इसका मकसद शहर के लोगों को सफाई के लिए जागरूक करना है। ताकि, लोग शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहभागिता दें। स्वच्छता अभियान का असर भी दिखाई दे रहा है। पहले के मुकाबले नोएडा में स्वच्छता के मामले में काफी सुधार हुआ है। अथॉरिटी की सीईओ ऋतु महेश्वरी खुद इस अभियान का नेतृत्व कर रही हैं। 

सभी महकमों का हौसला बढ़ाया
गणतंत्र दिवस के मौके पर ऋतु महेश्वरी ने कर्मचारियों और विभागों को धन्यवाद देते हुए उनकी हौसलाआफजाई की। अधिकारी ने कहा कि एकजुट और एक टीम के रूप में काम करके हमने यह मुकाम हासिल किया है। हमें इस टीम भावना को यथावत बनाए रखना है। इसके लिए सभी विभागों में आपसी सामजंस्य को और बढ़ाना है। ताकि हम एक टीम के तौर पर लगातार सफलता के कीर्तिमान स्थापित करते रहें। उन्होंने सभी विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों से नोएडा की ऐसी तस्वीर बनाने के लिए प्रेरित किया, जिसे प्रदेश और देश में उदाहरण के रूप में जाना जाए। 

परिपक्व है हमारा गणतंत्र 
ऋतु महेश्वरी ने सभी उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा संविधान पिछले 72 सालों में परिपक्व होता गया है। हमनें हर मुश्किल, हर चुनौती को स्वीकार किया और एक समाज तथा देश के रूप में ए उससे पार पाने में सफल रहे। दुनिया के किसी भी दूसरे देश में इतना व्यापक और सक्षम संविधान नहीं है। संविधान ने देश के हर नागरिक को एकजुट रखा है। संविधान हमें मानसिक और नैतिक बल देता है। यही वजह है कि कोरोना महामारी के विकट संकट में जब दुनिया त्रस्त थी, हम एक समाज और देश के रूप में इसका मुकाबला करने में सक्षम रहे। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले देश ने जिस एकजुटता से कोरोना संकट का सामना किया है, वह अतुलनीय है। 

आपदा ने बेहतर करने की प्रेरणा दी
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि कोरोना महामारी के काल में देश ने कुछ बेहतर करने की कोशिश की। इस आपदा ने हमें कुछ नया करने का साहस दिया। नोएडा अथॉरिटी ने भी कोरोना संकट से उपजे गंभीर हालात का सफलतापूर्वक सामना किया। बेशक कोरोना काल ने हमें अत्याधुनिक और अप टू डेट तकनीकों के इस्तेमाल के लिए बाध्य किया। पर अब यह हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। पहले हमारा ज्यादा काम फाइलों में अटक कर रह जाता था। पर अब ई-फाइलिंग, ई-गवर्नेंस जैसे ऑनलाइन सुविधाओं की वजह से प्रशासन और आम लोगों को सहूलियत मिल रही है। अब हम ज्यादा व्यवस्थित और सरल तरीके से काम करने में सक्षम हो गए हैं।

यूपी दिवस का सफल आयोजन किया
सीईओ ऋतु महेश्वरी ने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि नोएडा को पहली बार यूपी दिवस मनाने की मंजूरी मिली। यह हमारे लिए बेहद उत्साहवर्धक रह। पहली दफा राजधानी लखनऊ के सिवा किसी दूसरे शहर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह आयोजन की मंजूरी मिली थी। नोएडा अथॉरिटी, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के साथ-साथ जिला प्रशासन ने भी यूपी दिवस के आयोजन को विशेष बनाने में अथक श्रम किया था। अधिकारी ने कहा कि सभी के सहयोग से हम नोएडा में यूपी दिवस को भव्य और यादगार बनाने में सफल रहे हैं। यूपी दिवस जैसे कार्यक्रमों के आयोजन से नोएडा प्राधिकरण के कार्य क्षेत्र के दायरे में वृद्धि होगी। हमारे कंधों पर ज्यादा जिम्मेदारी आएगी। पर, यह हमारे लिए फक्र की बात होगी। 

लॉकडाउन के दौरान सराहनीय कार्य हुआ
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने गणतंत्र दिवस समारोह के अपने भाषण के दौरान सभी विभागों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों ने पिछले साल में कोरोना महामारी के दौरान अविश्वसनीय काम किया है। चाहें स्वास्थ्यकर्मी हों या सफाई कर्मी, सबने अपनी क्षमता अनुसार समाज और देश की सेवा में योगदान दिया है। कोरोना संकट के साथ-साथ हमारे समक्ष और भी चुनौतियां थी। पर हमारी एकजुटता और विभागों के आपसी तालमेल की वजह से हम इन चुनौतियों का मुकाबला करने में सफल रहे। निचले स्तर के सभी कर्मचारियों ने बेहतरीन काम कर एक मिशाल पेश की है।

नोएडा प्राधिकरण का कार्यस्वरूप बदला है
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि पहले नोएडा अथॉरिटी सिर्फ लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के रूप में काम कर रही थी। पर विगत कुछ सालों में हमें म्यूनिसिपल फंक्शंस में ज्यादा काम पड़ा है। अब नोएडा प्राधिकरण का कार्य स्वरूप बदल गया है। हम सिर्फ जमीन अधिग्रहण नहीं कर रहे हैं। बल्कि, हमारा मकसद शहर के लोगों को अत्याधुनिक और विश्वसनीय सुविधाएं मुहैया कराना है। इसलिए प्राधिकरण के कर्मचारियों और विभागों को भी अपने कार्यक्षेत्र और स्वरूप में बदलाव लाना होगा। तभी हम नोएडा को प्रदेश और देश के पटल पर स्थापित कर सकेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.