छह महीनों से सीवर का पानी ओवरफ्लो, ऐसे कैसे बनेगा नोएडा नंबर वन?

नोएडा में गांव की समस्या : छह महीनों से सीवर का पानी ओवरफ्लो, ऐसे कैसे बनेगा नोएडा नंबर वन?

छह महीनों से सीवर का पानी ओवरफ्लो, ऐसे कैसे बनेगा नोएडा नंबर वन?

Tricity Today | Symbolic Photo

Noida News : नोएडा प्राधिकरण की तरफ से लगातार शहर को साफ-सफाई पर काम किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई पर खास ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसकी तस्वीर हर रोज सोशल मीडिया पर निवासी डालकर शिकायत करते हैं। कुछ समस्याओं का निस्तारण हो जाता है, लेकिन कुछ जगहों पर सफाई कर्मचारी होने के बावजूद समस्याओं का हल नहीं हो पता। ऐसे ही हाल सदरपुर गांव और सदरपुर कॉलोनी का है। यहां पर सीवर लाइन का भी बुरा हाल है। सीवर का पानी सड़कों पर बह रहा है और गंदगी बढ़ रही है। जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

निवासियों ने कहा... 
नोएडा सेक्टर-45 सदरपुर के निवासी आदित्य चौहान और वरुण ने बताया कि गांव में लगातार सीवर की परेशानी बढ़ती जा रही है। गांव की कई गलियों और मुख्य सड़कों पर सीवर का पानी बाहर फैला रहता है। इसके कारण आसपास के लोगों की सेहत पर खराब असर पड़ता है, बच्चे बीमार हो जाते हैं। नोएडा प्राधिकरण की जन सुनवाई में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया था। अधिकारियों ने ठीक करने का भरोसा भी दिया था। लेकिन पिछले 6 महीना में स्थिति जस के टस है।
लगा गंदगी का अंबार
निवासी अरुण और विकास ने बताया कि सदरपुर गांव और कॉलोनी में सीवर लाइन ओवरफ्लो होने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है। यहां के लोगों को आते और जाते समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कोई कर्मचारी और अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। गांव और कॉलोनी में ऐसी हालत रहेगी तो नोएडा स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर वन कैसे आएगा? हालांकि, इस समस्या को लेकर ट्राइसिटी टुडे ने संबंधित जल विभाग के डीजीएम से बात करने का प्रयास किया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
सीईओ ने कर्मचारियों को किया था सस्पेंड 
गौरतलब है कि पिछले करीब एक महीने पहले लगातार आ रही शिकायतों को लेकर सीईओ ने अथॉरिटी के अधिकारियों को फटकार लगाई थी। सीईओ ने निरीक्षण के समय सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन के नीचे सीवर ओवरफ्लो मिलने पर नाराजगी जाहिर की थी। सीईओ ने जल विभाग के अधिकारियों को तत्काल सीवर को ठीक करने के निर्देश दिए थे। साथी लापरवाही बरतने पर अथॉरिटी के कर्मचारियों को सस्पेंड किया था और जल विभाग के डिवीजन थर्ड के अधिकारी कपिल सिंह की प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई थी, उसके बावजूद इनकी कार्यप्रणाली में सीवर की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शहर के लोग सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जग जाहिर कर रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.