शूटर दादी चंद्रो तोमर को दो प्रशंसकों की बदौलत मिला सम्मान, नोएडा शूटिंग रेंज के बाद सड़क का नाम भी रखा जाएगा

मान : शूटर दादी चंद्रो तोमर को दो प्रशंसकों की बदौलत मिला सम्मान, नोएडा शूटिंग रेंज के बाद सड़क का नाम भी रखा जाएगा

शूटर दादी चंद्रो तोमर को दो प्रशंसकों की बदौलत मिला सम्मान, नोएडा शूटिंग रेंज के बाद सड़क का नाम भी रखा जाएगा

Tricity Today | शूटर दादी चंद्रो तोमर को दो प्रशंसकों की बदौलत मिला सम्मान

  • -जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगाई मुहर
  • -गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने भी शासन से सम्मान की मांग की
  • -बड़ौत से दादी के गांव जाने वाली सड़क का नाम भी उनके नाम पर रखा जाएगा
  • -चंद्रो तोमर के परिवार ने योगी आदित्यनाथ, धीरेन्द्र सिंह और कमिश्नर को धन्यवाद दिया
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकीं शूटर दादी चंद्रो तोमर (Shooter Dadi Chandro Tomar) को तो कोरोनावायरस कारण आई महामारी ने हमसे छीन लिया, लेकिन वह अपने पीछे लाखों-करोड़ों प्रशंसकों की जमात छोड़कर गई हैं। ऐसे ही दो प्रशंसकों की बदौलत दादी चंद्रो तोमर को बड़ा सम्मान हासिल हुआ है। इनमें एक नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह (Noida Commissioner Alok Singh) हैं और दूसरे भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के जेवर क्षेत्र से विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह (Dhirendra Singh MLA) हैं।

इन दोनों लोगों की पहल पर राज्य सरकार ने चंद्रो तोमर को सम्मानित किया है। धीरेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नोएडा स्टेडियम की शूटिंग रेंज का नाम दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में बागपत जिले की एक मुख्य सड़क का नाम भी दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखा जाएगा। यह पहल पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने की है।

गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह दादी चंद्रो तोमर के साथ, उस वक्त आलोक सिंह बागपत के पुलिस अधीक्षक थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दादी चंद्रो तोमर को महिला सशक्तिकरण का प्रतीक मानते हुए नोएडा स्टेडियम की शूटिंग रेंज का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा मंगलवार की सुबह की है। विधायक धीरेंद्र सिंह ने यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था। दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने राज्य सरकार को चंद्रो तोमर को सम्मानित करने का प्रस्ताव दिया था। पुलिस कमिश्नर ने बड़ौत के विधायक केपी मलिक से एक प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाया है। जिसमें बड़ौत से दादी चंद्रो तोमर के गांव जोहड़ी जाने वाली सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की गई है। अगले एक या दो दिनों में सड़क का नामकरण चंद्रो तोमर के नाम पर करने का ऐलान भी किया जाएगा।


बागपत में करीब दो दशक पहले आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में निशाना साधते हुए अलोक सिंह।

आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह अपनी नौकरी के शुरुआती दिनों में बागपत के पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। वह कई बार जोहड़ी गांव जाकर निशानेबाजी प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं। जोहड़ी गांव में आयोजित हुई एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आलोक सिंह ने प्रथम स्थान भी हासिल किया था। करीब 20 वर्षों से आलोक सिंह और दादी चंद्रो तोमर के बीच संवाद था। आलोक सिंह शूटर दादी के बड़े प्रशंसक हैं। दूसरी ओर जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह कभी चंद्रो तोमर से नहीं मिले लेकिन उनकी जीवटता और संघर्ष के कायल हैं। धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस परिवेश से दादी चंद्रो तोमर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति हासिल की, वह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। वह आने वाली कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी। 

चंद्रो तोमर के परिवार ने धन्यवाद ज्ञापित किया
दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह और विधायक धीरेंद्र सिंह को चंद्रो तोमर के परिवार ने धन्यवाद ज्ञापित किया है। उनकी पोती शेफाली तोमर ने कहा, "यह काम वैसे तो हमारे जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए था, लेकिन दो बड़े प्रशंसकों ने दादी को सम्मान दिलाकर उनकी योग्यता, संघर्ष और उपलब्धियों को और ज्यादा बड़ा कर दिया है। हम लोग आलोक सिंह और धीरेंद्र सिंह के हृदय से आभारी हैं। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति श्रद्धानवत हैं। जब दादी जीवित थीं तब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित किया था। दादी के जीवन पर बनी फिल्म "सांड की आंख" को भी मुख्यमंत्री ने टैक्स फ्री किया था। जिसकी वजह से आम आदमी तक वह फिल्म पहुंच पाई थी। अब एक बार फिर उन्होंने दादी के जीवन और संघर्ष को बड़ा मान दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.