पेड़ टूटने से बत्ती गुल, ट्रैफिक जाम, पढ़िए पुलिस ने क्या अलर्ट जारी किया

बारिश और तूफान से नोएडा बेहाल : पेड़ टूटने से बत्ती गुल, ट्रैफिक जाम, पढ़िए पुलिस ने क्या अलर्ट जारी किया

पेड़ टूटने से बत्ती गुल, ट्रैफिक जाम, पढ़िए पुलिस ने क्या अलर्ट जारी किया

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Noida News : गुरुवार की देर शाम आए तेज तूफान और बारिश ने नोएडा को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर में जगह-जगह सड़कों पर पेड़ उखड़कर या टूटकर गिर गए हैं। जिसकी वजह से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। शहर के कई सेक्टरों में बिजली गुल है। इसका बुरा असर ट्रैफिक पर भी पड़ा है। शहर की बड़ी सड़कों पर सिग्नल बंद पड़े हैं। जिसकी वजह से यातायात जाम लगा हुआ है। गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से धैर्य धरने की अपील की गई है।
गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया अलर्ट
इस वक्त नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सड़कों पर ट्रैफिक जाम है। कई घंटे तूफान और बारिश के चलते लोग घरों और दफ्तरों में बैठकर मौसम खुलने का इंतजार कर रहे थे। अब अचानक बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकले हैं। जिसके चलते ट्रैफिक जाम के हालात बन गए हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट खासतौर से नोएडा शहर के लिए है। अलर्ट में कहा गया है, "आंधी और बारिश की वजह से कई स्थानों पर मार्ग में पेड़ टूट कर गिर गए हैं। जिस कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने से सिग्नल भी कार्य नहीं कर कर रहे हैं। यातायात पुलिस द्वारा संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर यातायात को सुचारू रूप से चलवाने का कार्य किया जा रहा है।"

गौर सिटी गोल चक्कर और इटैड़ा चौक का बुरा हाल
सबसे बुरी हालत गौर सिटी चौराहे और इटेड़ा गोल चक्कर पर बनी हुई है। नोएडा में पृथला सेक्टर-122 से लेकर ग्रेटर नोएडा बॉर्डर पर हिंडन नदी के पुल तक ट्रैफिक बेहद धीमा है। इसके आगे वाहन चींटी की चाल से चल रहे हैं। गौर सिटी चौराहे से लेकर गाजियाबाद बॉर्डर पर नेशनल हाईवे तक ऐसे ही हालात हैं। गौर सिटी चौराहे से ग्रेटर नोएडा की ओर तीन मूर्ति और इटेड़ा गोल चक्कर तक ट्रैफिक बेहद धीमा है। बिसरख रोड और हनुमान चौराहे के पास भी ट्रैफिक की चाल बेहद धीमी है। कुल मिलाकर पूरे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम के कारण हजारों लोग हाल बेहाल हैं।

'अब अंडरपास और एफओबी बनाने की जरूरत'
फ्लैट खरीदारों के संस्था नेफोवा के उपाध्यक्ष मनीष ने कहा, "ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी के साथ लोग आकर बस रहे हैं। जनसंख्या बढ़ती जा रही है। सुविधाएं नदारद हैं। सड़कों पर लगातार वाहनों की संख्या बढ़ रही है। गौर सिटी चौराहे और इटेड़ा गोल चक्कर पर अंडरपास व फ्लाईओवर बनाने की योजना केवल कागजों में चल रही है। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा वेस्ट पर ध्यान नहीं दे रहा है। जब मुद्दा उठाया जाता है तो एक बयान जारी करके लोगों को आश्वासन दे दिया जाता है। उसके बाद सालभर या छह महीनों के लिए काम ठंडे बस्ते में चला जाता है।" मनीषा आगे कहते हैं, "आज तो बारिश हुई है। इस वजह से ट्रैफिक जाम लग गया, यह बात कह सकते हैं। लेकिन यहां तो रोजाना ऐसे ही हालात बने रहते हैं। हर दिन शाम 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक कई किलोमीटर तक लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.