रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, भूमाफिया का साथ दे रहा लेखपाल सस्पेंड

गौतमबुद्ध नगर में भ्रष्टाचार पर डबल अटैक : रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, भूमाफिया का साथ दे रहा लेखपाल सस्पेंड

रिश्वत लेते सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार, भूमाफिया का साथ दे रहा लेखपाल सस्पेंड

Tricity Today | सब-इंस्पेक्टर और लेखपाल

Noida News : पुलिस और प्रशासन में रहकर भ्रष्टाचार करने वालों पर शुक्रवार को दोहरा हमला हुआ है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन ने गिरफ्तार किया है। उसे 4 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। दूसरी और गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने भूमाफिया को संरक्षण दे रहे लेखपाल को सस्पेंड कर दिया है। रेवेन्यू इंस्पेक्टर को नोटिस दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

ग्रेटर नोएडा में दरोगा गुलाब सिंह रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर पुलिस पर बड़ा दाग लगा है। ग्रेटर नोएडा में थाना ईकोटेक वन में तैनात सब इंस्पेक्टर को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक मेरठ से आई एंटी करप्शन टीम ने छापा मारा है। टीम ने सब इंस्पेक्टर को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया था। दरोगा गुलाब सिंह 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक सब इंस्पेक्टर गुलाब सिंह को भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने रोहन मोटर्स के पास से गिरफ्तार किया गया है। गुलाब सिंह को यहां ट्रैप के जरिए रिश्वत लेने के लिए बुलाया गया था। एंटी करप्शन की टीम उन्हें सूरजपुर कोतवाली में लेकर गई। वहां एफआईआर दर्ज करवाई गई है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा में रहने वाले रिटायर्ड इंडियन नेवी के कमांडर राजीव सरदाना से सब इंस्पेक्टर ने 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। कमांडर ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से संपर्क किया। संगठन ने रिटायर नेवी कमांडर को कैमिकल लगाकर 4 लाख रुपये दिए। इस 4 लाख रुपयों के साथ टीम ने सब इंस्पेक्टर गुलाब सिंह गिरफ्तार कर लिया।

कनारसी गांव का लेखपाल द्वारिका प्रसाद शर्मा सस्पेंड
यह सदर रहसील के गांव कनारसी से जुड़ा मामला है। गांव के लेखपाल द्वारिका प्रसाद शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, कनारसी गांव में शत्रु संपत्ति है। 6 दिसंबर 2022 को उपजिलाधिकारी अंकित कुमार के नेतृत्व में शत्रु संपत्ति पर किए गए कब्जे हटाए गए। उन निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया जो शत्रु संपत्ति पर खड़े थे। गाटा संख्या-390 पर स्थाई निर्माण किया गया था। वह निर्माण को हटाने के लिए उप जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को आदेश दिया। नियमानुसार निर्माण करने वाले लोगों को नोटिस दिया जाता है और अतिक्रमण हटवाया जाता है। एसडीएम ने यह आदेश भी दिया था कि अतिक्रमण पर नोटिस बोर्ड लगाकर चिन्हित कर लिया जाए। अब 23 जनवरी 2023 को शत्रु संपत्ति अभिरक्षक की एक कमेटी जिले में आई। उनके साथ एसडीएम शत्रु संपत्ति का सर्वे करने पुन: कनारसी गांव पहुंचे तो वहां गाटा संख्या-390 पर और ज्यादा निर्माण मिला। यह करीब 8,000 वर्गमीटर जमीन है। अब निर्माण पर बाकायदा दरवाजे लगा दिए गए हैं। इस विषय में जब एसडीएम ने लेखपाल से पूछताछ की तो वह जवाब नहीं दे पाया। छानबीन करने पर पता चला कि लेखपाल भूमाफिया की मदद कर रहा है। इसी कारण एसडीएम अंकित कुमार ने कनारसी गांव के लेखपाल द्वारिका प्रसाद शर्मा को निलंबित कर दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.