13 घण्टों में खत्म हुआ 60 किमी लम्बा रोड शो, दुल्हन की तरह सजा गुलावठी कस्बा

सुरेंद्र नागर का भव्य स्वागत : 13 घण्टों में खत्म हुआ 60 किमी लम्बा रोड शो, दुल्हन की तरह सजा गुलावठी कस्बा

13 घण्टों में खत्म हुआ 60 किमी लम्बा रोड शो, दुल्हन की तरह सजा गुलावठी कस्बा

Tricity Today | सुरेंद्र नागर का भव्य स्वागत

Noida News : राज्यसभा के उपसभापति सुरेंद्र सिंह नागर एक बार फिर उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने तीसरी बार निर्विरोध चुनाव जीता है। बुधवार को वह दिल्ली से बुलंदशहर में अपने पैतृक कस्बे गुलावठी पहुंचे। इस दौरान दिल्ली में अक्षरधाम से लेकर नोएडा, गाजियाबाद, दादरी, सिकंदराबाद और गुलावठी तक करीब 80 स्थानों पर लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि करीब 60 किलोमीटर लंबा यह सफर सुरेंद्र सिंह नागर ने 13 घंटों में तय किया है। नागर सुबह 9:00 बजे अक्षरधाम पहुंचे थे और देर रात 11:00 बजे गुलावठी में अपने घर पहुंचे हैं।

गुलावठी कस्बे को दुल्हन की तरह सजाया गया
सुरेंद्र सिंह नागर देर रात करीब 10:00 बजे गुलावठी कस्बे में पहुंचे। कदम-कदम पर लोग उनका स्वागत करने के लिए खड़े हुए थे। पूरे गुलावठी कस्बे को दुल्हन की तरह सजाया गया था। लोगों ने सड़कों पर झालर बल्ब और फूलों की मालाएं लगाई थीं। गुलावठी कस्बे में भीड़ ने सुरेंद्र सिंह नागर को फूल और मालाओं से लाद दिया। उनके ऊपर छतों से महिलाओं ने पुष्प वर्षा की। हजारों लोगों की भीड़ ने सुरेंद्र सिंह नगर का पहले कस्बे के बाहर स्वागत किया। इसके बाद लोग बैंड बाजे, ढोल नगाड़ा और कारों के काफिले के साथ उन्हें लेकर कस्बे में दाखिल हुए। गुलावठी कस्बे की सड़कों पर जगह-जगह लोग मालाएं लेकर खड़े हुए थे। जमकर आतिशबाजी की गई।

दादरी और सिकंदराबाद में भी हुआ जोरदार स्वागत
इससे पहले दोपहर बाद सुरेंद्र सिंह नगर का काफिला दादरी कस्बे में पहुंचा। हजारों लोगों की भीड़ ने जगह-जगह सुरेंद्र नागर का स्वागत किया। छपरौला, बादलपुर, सदोपुर की झाल, धूम मानिकपुर और रास्ते में पड़ने वाले हर गांव के बाहर ग्रामीणों ने सुरेंद्र सिंह नागर का फूल मालाओं से स्वागत किया। भीषण गर्मी के बावजूद हजारों लोगों की भीड़ सुरेंद्र नागर के पहुंचने का इंतजार करती रही। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जगह-जगह स्वागत समारोह होने के कारण उनका कार्यक्रम लगातार पिछ्रता चला गया। फिर भी लोग भरी दुपहरी में उनका इंतजार करते रहे।

मैं लोगों का इतना प्यार पाकर अभिभूत हूं : सुरेंद्र नागर
सुरेंद्र सिंह नागर को रात 8:30 बजे गुलावठी पहुंचना था, लेकिन वह करीब ढाई घंटा देरी से 11:00 बजे पहुंचे। उन्होंने कहा, "मुझे आप लोग इतना प्यार करते हैं, इस बात का अंदाजा नहीं था। भीषण गर्मी के बावजूद पूरे दिन हजारों लोग मेरे साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम पिछड़ता चला गया, फिर भी लोग तपती दुपहरी में सड़कों पर खड़े होकर इंतजार करते रहे।यह देख कर बार-बार मेरी आंखों में आंसू आते रहे। मैं आप लोगों का हमेशा एहसानमंद रहूंगा। इस प्रेम और आशीर्वाद के बदले मुझसे जो बन पड़ेगा वह जरूर करूंगा।"

सिकंदराबाद में उमड़ पड़ा मुस्लिम समुदाय
बुलंदशहर के सिकंदराबाद कस्बे में मुस्लिम समुदाय की भीड़ ने राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ गर्मी में चल रहे लोगों को राहत देने के लिए शरबत पिलाया गया। भीड़ में बड़ी संख्या मुस्लिम महिलाओं और बच्चों की भी रही। सिकंदराबाद के विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने सुरेंद्र सिंह नागर का बाईपास पर स्वागत किया। इसके बाद वह पूरे वक्त सांसद के साथ रहे। गाजियाबाद से लेकर गुलावठी तक ब्राह्मण, यादव और राजपूत बाहुल्य गांवों में भी सुरेंद्र सिंह नागर का लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.