लॉ एंड ऑर्डर से लेकर डेवलपमेंट तक परखा, कमियों पर भड़के तो अच्छे काम की शाबाशी दी

सुरेश खन्ना का गौतमबुद्ध नगर दौरा : लॉ एंड ऑर्डर से लेकर डेवलपमेंट तक परखा, कमियों पर भड़के तो अच्छे काम की शाबाशी दी

लॉ एंड ऑर्डर से लेकर डेवलपमेंट तक परखा, कमियों पर भड़के तो अच्छे काम की शाबाशी दी

Tricity Today | सुरेश खन्ना ने गौतमबुद्ध नगर का दौरा किया

  • - वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर का दौरा किया
  • - नोएडा में वाजिदपुर गौशाला और मामूरा गांव में सफाई व्यवस्था देखी
  • - ग्रेटर नोएडा में डाढ़ा गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया
  • - गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में गरीब जन कल्याण सभा में सम्बोधन किया
  • - कलेक्ट्रेट में कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की समीक्षा की
Noida News : उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना (Suresh Khanna Minister) ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर का दौरा किया। वह जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर अलग-अलग कार्यक्रमों में पहुंचे। मंत्री ने नोएडा में गौशाला का जायजा लिया। ग्रेटर नोएडा में डाढ़ा गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गए। इसके बाद गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में गरीब कल्याण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की समीक्षा की है। इस दौरान सुरेश खन्ना ने गौशाला में अव्यवस्था मिलने पर अफसरों को फटकार लगाई है। विकास योजनाओं को लेकर जिला प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं।

नोएडा की वाजिदपुर गौशाला में मिली व्यवस्था, भड़के वित्त मंत्री
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सबसे पहले रविवार की सुबह नोएडा पहुंचे हैं। उन्होंने नोएडा के वाजिदपुर में स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। गौशाला में इस दौरान काफी खामियां पाई गई हैं। जिससे नाराज होकर सुरेश खन्ना नोएडा के अधिकारियों पर बरस गए। गौशाला में गोवंश को ठीक तरीके से चारा नहीं दिया जा रहा है। सुरेश खन्ना के साथ स्थानीय सांसद डॉ.महेश शर्मा और नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी मौजूद रहे। सुरेश खन्ना ने गौशाला के सुपरवाइजर, मैनेजर और डॉक्टर को बुलाकर खूब लताड़ लगाई। उन्होंने कहा, "सही मायने में आप लोगों को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए। गायों को जिस तरह का चारा डाला जा रहा है, इसे देखकर आप लोगों को शर्म नहीं आती है। मामले में कड़ी कार्रवाई करने का आदेश वित्त मंत्री ने अधिकारियों को दिया है।"

मामूरा गांव में सफाई इंतजामों का जायजा लिया
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना मामूरा गांव पहुंचे। सेक्टर-66 ममूरा में सफ़ाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान नोएडा विकास प्राधिकरण के अफसर वित्त मंत्री के साथ मौजूद रहे। शहर की सफाई व्यवस्था पर वित्त मंत्री ने संतोष जताया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-66 और मामूरा गांव में रहने वाले लोगों से बातचीत की। लोगों ने वित्त मंत्री को बताया कि नियमित रूप से अथॉरिटी के वाहन कूड़ा उठाने आते हैं। सफाई कर्मचारी भी रोजाना आ रहे हैं।

जीबीयू में गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित किया
नोएडा के बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ग्रेटर नोएडा पहुंचे। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 'गरीब कल्याण जनसभा' का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के लाभार्थियों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। वित्त मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश तेजी से तरक्की कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। हमारा उद्देश्य जन सुविधाएं और विकास योजनाएं सबसे निचले स्तर तक पहुंचाना है। एक वक्त था, उत्तर प्रदेश में निवेशक और उद्यमी नहीं आना चाहते थे। आज यूपी में आकर उद्योग लगाने के लिए निवेशकों में होड़ लगी है। पिछले दिनों हुई ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में उत्तर प्रदेश के सभी हिस्सों को निवेश मिला है। इससे पता चलता है कि राज्य में सकारात्मक माहौल है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाकर उद्योगपतियों को भरोसा दिलाया है। अब इसका भरपूर लाभ राज्य को मिल रहा है।"

ग्रेटर नोएडा डाढ़ा स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं देखीं
सुरेश खन्ना, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह और अफसरों की टीम ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। वहां वित्त मंत्री ने सुविधाओं का जायजा लिया। मौके पर मिले चिकित्सकों से बातचीत की। इस मौके पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने वित्त मंत्री से आग्रह किया कि इस स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत करवाया जाए। आसपास के इलाके में ग्रामीण आबादी है। जिसे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता है। इस पर वित्त मंत्री ने जल्दी ही निर्णय लेने का आश्वासन विधायक को दिया है। स्वास्थ्य केंद्र में आए ग्रामीणों से सुरेश खन्ना ने बातचीत की। लोगों ने भी कहा कि यहां और बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता है।

कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की समीक्षा हुई
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना अपने कार्यक्रम के अंतिम चरण में सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में जिले भर के प्रशासनिक, पुलिस और विकास विभाग के अफसरों के साथ बैठक की। वित्त मंत्री ने जिले की कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की समीक्षा की है। बैठक में तीनों विकास प्राधिकरणों के अफसर भी शामिल हुए। इस बैठक में सांसद डॉ.महेश शर्मा, जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर, शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शामिल हुए। वित्त मंत्री ने अच्छी कानून-व्यवस्था पर पुलिस कमिश्नरेट की सराहना की है। उन्होंने विकास योजनाओं को और तीव्र गति से आगे बढ़ाने की बात कही है।

जेवर में भी किया गौशाला का निरीक्षण
सुरेश खन्ना ने गौतमबुद्ध नगर के जेवर में स्थित गांव फलैदा बांगर में गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोवंश को दिए जाने वाले भोजन की जांच की। फलैदा बांगर की गौशाला का निरीक्षण निरिक्षण संतुष्टिपूर्वक रहा। उसके बाद सुरेश खन्ना ने धीरेंद्र सिंह के विधानसभा का हाल जाना। इस दौरान सुरेश खन्ना ने कहा, "भाजपा सरकार में जेवर का बहुमुखी विकास हुआ है। योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की सबसे बड़े एयरपोर्ट का शिलान्यास इस पावन भूमि पर ही किया है।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.