नोएडा जीआईपी में रुकी 'द कश्मीर फाइल्स', दर्शकों को पता चला मैनेजर का नाम तो किया हंगामा, मॉल मैनेजमेंट ने दी यह सफाई

बड़ी खबर : नोएडा जीआईपी में रुकी 'द कश्मीर फाइल्स', दर्शकों को पता चला मैनेजर का नाम तो किया हंगामा, मॉल मैनेजमेंट ने दी यह सफाई

नोएडा जीआईपी में रुकी 'द कश्मीर फाइल्स', दर्शकों को पता चला मैनेजर का नाम तो किया हंगामा, मॉल मैनेजमेंट ने दी यह सफाई

Tricity Today | हंगामा

Noida News : नोएडा शहर से बड़ी खबर सामने आ रही है। मंगलवार की देर शाम शहर के सबसे बड़े ग्रेट इंडिया पैलेस (GIP Mall) मॉल में चल रही फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' का प्रदर्शन रुक गया। इस पर दर्शकों ने जमकर हंगामा किया। बाद में पता चला कि मैनेजर मुस्लिम समुदाय से है। इससे हंगामा और ज्यादा बढ़ गया। थोड़ी देर बाद फिल्म को शुरू करवाया गया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण बन गई। मौके पर पुलिस ने स्थिति संभाली है। दूसरी तरफ मॉल मैनेजमेंट का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण फिल्म का प्रदर्शन रुका था। मैनेजर का नाम पता चलने के बाद दर्शकों ने इसे अन्यथा लिया और हंगामा किया है। अब स्थिति सामान्य है।

दर्शकों ने कहा- सिनेमा मैनेजर एजाज खान ने रुकवाई फ़िल्म
फिल्म देखने के बाद सिनेप्लेक्स में मौजूद दर्शकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पूछताछ करने पर पता चला कि सिनेप्लेक्स के मैनेजर का नाम एजाज खान है। इसके बाद दर्शक और बुरी तरह भड़क गए। भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी। मॉल मैनेजमेंट ने आनन-फानन में पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दर्शकों को समझाया। पुलिस ने हालात को सामान्य करवाया है। थोड़ी देर बाद फिल्म का दोबारा प्रदर्शन शुरू करवाया गया। इसके बाद भीड़ शांत हुई है। दर्शकों ने आरोप लगाया कि सिनेप्लेक्स का मैनेजर मुस्लिम समुदाय का है, इसलिए जानबूझकर फिल्म को रुकवाया गया है।

पुलिस ने कहा- एसी खराब होने के कारण फिल्म रोकी गई
इस मसले को लेकर पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि जीआईपी मॉल के सिनेप्लेक्स में 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म का प्रदर्शन चल रहा था। जिस थियेटर में यह फिल्म चल रही थी, उसका एसी सिस्टम खराब हो गया। जिसकी वजह से फिल्म को रोकना पड़ा। दर्शकों को किसी ने बताया कि सिनेप्लेक्स का मैनेजर मुस्लिम समुदाय से हैं। इससे लोगों में बिना वजह भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। फिल्म रुकवाई नहीं गई थी। तकनीकी समस्याओं की वजह से रोका गया था। बाद में इसे दोबारा शुरू करवाया गया है। अभी स्थिति सामान्य है।

यूपी सरकार ने फिल्म को टैक्स फ्री किया
आपको बता दें कि कश्मीर में वहां के पंडितों पर हुए अत्याचार को फिल्मांकित करने वाली 'द कश्मीर फाइल्स' को उत्तर प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया है। फिल्म पिछले सप्ताह शुक्रवार को रिलीज हुई है। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म भारत सहित विदेशों में भी प्रदर्शित की जा रही है। भारत में करीब ढाई हजार पर्दों पर एक साथ फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है। फिल्म के पक्ष और विपक्ष में तमाम तरह के तर्क-वितर्क दिए जा रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.