आम्रपाली बिल्डर से धोनी समेत इन बड़े-बड़े लोगों ने लिए थे फ्लैट, आईएएस भी शामिल, अब सुप्रीम कोर्ट में नहीं कर रहे क्लेम

बड़ा खुलासा : आम्रपाली बिल्डर से धोनी समेत इन बड़े-बड़े लोगों ने लिए थे फ्लैट, आईएएस भी शामिल, अब सुप्रीम कोर्ट में नहीं कर रहे क्लेम

आम्रपाली बिल्डर से धोनी समेत इन बड़े-बड़े लोगों ने लिए थे फ्लैट, आईएएस भी शामिल, अब सुप्रीम कोर्ट में नहीं कर रहे क्लेम

Google Image | Mahendra Singh Dhoni

आम्रपाली बिल्डर से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। आम्रपाली के नोएडा में स्थित हाऊसिंग प्रोजेक्ट्स में जिन लोगों ने फ्लैट्स खरीदे थे लेकिन उन्होंने अब सुप्रीम कोर्ट के सामने क्लेम नहीं किया है, उनकी लिस्ट जारी की गई है। इस लिस्ट में कई चौंकाने वाले नाम हैं। एक नाम भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का भी है। आम्रपाली की हाऊसिंग परियोजनाओं से जुड़ी यह लिस्ट बतौर विज्ञापन गुरुवार को अखबारों में सार्वजनिक की गई है। यह विज्ञापन सुप्रीम कोर्ट के रिसीवर ने प्रकाशित करवाया है। इन लोगों को 15 दिनों का वक्त इन सम्पत्तियों पर क्लेम करने के लिए दिया है। इसके बाद इनका आवंटन रद्द कर दिया जाएगा।

महेंद्र सिंह धोनी के नाम दो पेंट हाउस
इस विज्ञापन में महेंद्र सिंह धोनी का नाम है। लिस्ट के मुताबिक, आम्रपाली के नोएडा सेक्टर-45 वाले प्रोजेक्ट सिलिकॉन सिटी फेज-1 में धोनी के नाम पर दो पेंट हाउस (C-P5 और C-P6) हैं। महेंद्र सिंह धोनी वर्ष 2009 में जब प्रसिद्धि के शिखर पर थे तो उन्हें आम्रपाली ग्रुप ने अपना ब्रांड एम्बेस्डर बनाया था। इतना ही नहीं महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी सिंह और आम्रपाली समूह के चेयरमैन अनिल शर्मा ने मिलकर एक कम्पनी भी बनाई थी। जब आम्रपाली बिल्डर का शिकार हुए फ्लैट खरीदारों ने महेंद्र सिंह धोनी का विरोध शुरू किया तो उन्होंने खुद को कम्पनी से अलग करने की घोषणा कर दी।

लिस्ट में एक आईएएस का नाम भी शामिल
इस लिस्ट में एक आईएएस का नाम भी है। जिस हाऊसिंग प्रोजेक्ट सिलिकॉन सिटी फेज-1 में महेंद्र सिंह धोनी के पेंट हाउस हैं, उसी प्रोजेक्ट में फ्लैट नंबर ए-1205/ए आशुतोष अग्निहोत्री के नाम पर है। इस नाम के आगे बाकायदा आईएएस लिखा गया है। गुरुवार की सुबह लिस्ट सार्वजनिक होने के बाद से चर्चाएं चल रही हैं। लोग इन नामों को पहचानकर सोशल मिडिया पर शेयर कर रहे हैं।

अब तक 9,538 बेनामी फ्लैट्स सामने आए
ताजा नोटिस के मुताबिक इन बॉयर्स को अगले 15 दिनों का टाइम दिया गया है। जिसमें अपने फ्लैट पर क्लेम करना है। आम्रपाली बिल्डर के तमाम हाऊसिंग प्रोजेक्ट में करीब 9,500 फ्लैट ऐसे हैं, जिन पर किसी ने क्लेम नहीं किया है। पिछले महीने कोर्ट ने आदेश दिया था कि आम्रपाली के 9,538 बेनामी फ्लैट्स को दोबारा बेचा जाए। फिर इससे जो पैसा मिलेगा उससे अधूरे प्रोजेक्ट का काम पूरा होगा। महेंद्र सिंह धोनी के अलावा कई और बड़े नाम इस लिस्ट में हैं। कई कंपनियों के नाम भी इस लिस्ट में हैं।

'ट्राईसिटी टुडे' कर रहा है लिस्टों का विश्लेषण
'ट्राईसिटी टुडे' की टीम इन अनक्लेम्ड प्रॉपर्टी का विश्लेषण कर रही है। जिसमें कई बड़े नाम सामने आ रहे हैं। दूसरी ओर जिन फ्लैटों के दावेदार सामने नहीं आएंगे, उन्हें कैंसल कर दिया जाएगा। कैंसल किए जाने वाले फ्लैटों को कोर्ट की निगरानी में नए सिरे से स्कीम निकालकर बेचा जाएगा। आपको बता दें कि गुरुवार को केवल नोएडा के प्रोजेक्ट्स की बेनामी प्रॉपर्टी सार्वजनिक की गई हैं। ग्रेटर नोएडा के प्रोजेक्ट्स के ऐसे बायर्स की लिस्ट अगले सप्ताह सार्वजनिक की जाएगी। इसमें और बड़े खुलासे होंगे।

इन प्रोजेक्ट की लिस्ट सार्वजनिक की गई
  1. सिलिकॉन सिटी फेज-1
  2. सिलिकॉन सिटी फेज-2
  3. क्रिस्टल होम्स
  4. सफायर फेज-1
  5. सफायर फेज-2
  6. प्लेटिनम
  7. टाइटेनियम
  8. हार्टबीट फेज-1
  9. हार्टबीट फेज-2
  10. प्रिंसले एस्टेट
  11. ज़ोडिएक

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.