आठ घंटों से महामाया फ्लाईओवर किसानों से पैक, भीड़ ने डाला डेरा

नोएडा से दिल्ली जाने वाले रहें अलर्ट : आठ घंटों से महामाया फ्लाईओवर किसानों से पैक, भीड़ ने डाला डेरा

आठ घंटों से महामाया फ्लाईओवर किसानों से पैक, भीड़ ने डाला डेरा

Tricity Today | भीड़ ने डाला डेरा

Noida News : गौतमबुद्ध नगर के 100 से अधिक गांवों के किसान दलित प्रेरणा स्थल पर बैठे हुए हैं। इसके कारण करीब 8 घंटों से नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम लग गया है। सबसे ज्यादा असर महामाया फ्लाईओवर के आसपास वाले मार्गों पर दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर रखी है। दिल्ली जाने वाले वाहनों को काफी लंबा सफर करना पड़ रहा है। पुलिस लगातार किसानों को समझने का प्रयास कर रही है। जिससे यातायात सामान्य हो सके। दूसरी तरफ किसानों का साफतौर पर कहना है कि कुछ लोगों को सुबह हिरासत में लिया गया है, जब तक उनको नहीं छोड़ा जाएगा आगे की वार्ता नहीं की जाएगी। किसानों को हिरासत में लेगी पुलिस
नोएडा पुलिस ने महामाया फ्लाईओवर से आगे दलित प्रेरणा स्थल पर किसानों को रोक रखा है। चिल्ला बॉर्डर पर भी भारी फोर्ट सैनाथ कर दी गई है। नोएडा पुलिस ने किसानों को हिरासत में लेने के लिए करीब आधा दर्जन बस महामाया फ्लाईओवर पर बुला ली है। बताया जा रहा है कि अगर यहां से किसानों ने दिल्ली कूच का प्रयास किया तो उनको हिरासत में लिया जा सकता है।

सुबह से सड़कों पर किसानों का रैला
गौतमबुद्ध नगर के किसानों ने करीब 10 दिन पहले ऐलान कर दिया था। किसानों के करीब बीस संगठनों ने महापंचायत करके संयुक्त घोषणा की। किसानों ने कहा था कि हम लोग पिछले क़रीब एक साल से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की पंचायत, महापंचायत और धरना-प्रदर्शन चल रहे हैं। सरकार और विकास प्राधिकरण के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। लिहाज़ा, अब दिल्ली जाकर संसद को अपनी बात सुनानी पड़ेगी। किसानों ने 8 फ़रवरी को दिल्ली कूच का ऐलान किया था। इस घोषणा के मुताबिक बुधवार की सुबह नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दनकौर, ज़ेवर, रबूपुरा, दादरी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, खुर्जा, अलीगढ़ और ग़ाज़ियाबाद से किसानों के समूह मंगलवार की रात और बुधवार की सुबह नोएडा-ग्रेटर नोएडा पहुंचे। अब सुबह 11 बजे से किसानों के जत्थों ने दिल्ली की तरफ़ कूच किया है।

पुलिस ने सारे बॉर्डर सील किए
दूसरी तरफ पुलिस ने किसानों को दिल्ली में दाख़िल नहीं होने देने का पूरा इंतज़ाम कर रखा है। नोएडा और दिल्ली के सारे बॉर्डर सील हैं। कालिंदी कुंज, चिल्ला बोर्ड और डीएनडी पर भारी फ़ोर्स तैनात किया गया है। ऊंची बैरिकेडिंग लगायी गई है। दूसरी तरफ़ दिल्ली पुलिस ने भी किसानों को रोकने के पुख़्ता इंतज़ाम किए हैं। किसानों ने बेहद रणनीतिक तरीक़े से दिल्ली कूच किया। सबसे आगे हज़ारों महिलाओं का जत्था बोर्डर पर पहुंचा। उसके पीछे युवा और फिर बुजुर्गों की जमात ने कूच किया। इस वक़्त किसानों को दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस ने रोक कर रखा है। शुरुआत में किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। फ़िलहाल किसान सड़क पर डेरा डालकर बैठ गए हैं। जिसकी वजह से दिल्ली और गौतमबुद्ध नगर के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.