होली पर अतिरिक्त बसें चलाएगा परिवहन, तीन अप्रैल तक इन शहरों के लिए मिलेगी सर्विस

नोएडा : होली पर अतिरिक्त बसें चलाएगा परिवहन, तीन अप्रैल तक इन शहरों के लिए मिलेगी सर्विस

होली पर अतिरिक्त बसें चलाएगा परिवहन, तीन अप्रैल तक इन शहरों के लिए मिलेगी सर्विस

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

होली पर घर जाने वाले मुसाफिरों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुसाफिरों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तैयारी कर चुका है। इसके लिए परिवहन 25 मार्च से होली स्पेशल रोडवेज बसें चलाएगा। ये विशेष बसें तीन अप्रैल तक चलाई जाएंगी। निगम अतिरिक्त बसें चलाने के साथ उनके फेरों की संख्या भी दोगुनी करेगा। इसका मकसद मुसाफिरों को सहूलियत देना है। हालांकि निगम इस दौरान छुट्टी पर नहीं जाने वाले चालकों, परिचालकों और कार्यशाला के कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देगा।

इन शहरों के लिए चलेंगी बसें
नोएडा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हाकिम सिंह ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिपो में फिलहाल 215 बसें हैं। अभी निगम रोजाना 115 बसें संचालित कर रहा है। हर रूट पर बसें एक-एक अतिरिक्त चक्कर लगाएंगी। ज्यादा भीड़भाड़ वाले रूट एटा, कासगंज, आगरा, मेरठ, मथुरा, बदायूं, नजीबाबाद, सहारनपुर और बरेली पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। 

कोरोना नियमों का पालन करना होगा
उन्होंने कहा कि जितनी सीटें होंगी, उतने ही यात्रियों को बस में बैठने दिया जाएगा। हर फेरे से पहले बस को सेनेटाइज कराया जाएगा। बिना मॉस्क और तापमान की जांच किए बस में यात्रियों को दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। सभी को रूटों पर उतारा जाएगा।

कर्मचारियों को मिलेगा इंसेटिव
प्रबंधक ने बताया कि 9 दिन तक रोजाना बस में 250 किलोमीटर चलने वाले चालक और परिचालकों को 3150 रुपये बतौर प्रोत्साहन राशि दिए जाएंगे। बिना छुट्टी दस दिन काम करने पर चार हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कार्यशाला के कर्मचारियों को नौ दिन तक बिना छुट्टी काम करने पर एक हजार रुपये और दस दिन तक 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अगर कोई आपात स्थिति नहीं आई तो कर्मचारियों की छुट्टी रद्द रहेगी। फेरे बढ़ने की वजह से एक-एक बस पर दो-दो चालकों की अलग अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी।

लंबी दूरी के लिए मिलेगी सर्विस
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि डिपो से लंबी दूरी की बसें भी चलाई जाएंगी। इसमें लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, फैजाबाद, बांदा, शाहजहांपुर समेत अन्य शहरों के लिए बसें चलेंगी। दिल्ली और ग्रेटर नोएडा में अगर कम मुसाफिर मिले, तो यहां चलने वाली बसों को भी इन रूटों पर चला दिया जाएगा।

दस दिन चौबीस घंटे मिलेगी सुविधा
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि डिपो में सभी साधारण और सीएनजी बसें हैं। होली के त्योहार को देखते हुए बस सर्विस पूरे 24 घंटे तक उपलब्ध कराई जाएगी। रात्रि सेवा के लिए पहले से रूट तय नहीं किए जाएंगे। जिस रूट पर यात्री ज्यादा होंगे, उस शहर के लिए बस चला दी जाएगी। 

फिलहाल नियत समय में चलती हैं
फिलहाल रात में 8:30 बसें तक बसें संचालित की जा रही हैं। इसके बाद बस की सुविधा बंद कर दी जाती है। डिपो की अपनी एसी बसें नहीं हैं। अन्य डिपो की एसी बसें नोएडा होकर निकलती हैं। हालांकि दस दिन अतिरिक्त बसें चलाने से मुसाफिरों को राहत मिलेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.