उत्तर प्रदेश के सबसे ताकतवर पदों पर काबिज हैं यह महिलाएं

गौतमबुद्ध नगर की वूमन पॉवर : उत्तर प्रदेश के सबसे ताकतवर पदों पर काबिज हैं यह महिलाएं

उत्तर प्रदेश के सबसे ताकतवर पदों पर काबिज हैं यह महिलाएं

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर की वूमन पॉवर

Noida News : गौतमबुद्ध नगर जिले को महिला शक्ति संचालित कर रही है। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिले के 2 सबसे बड़े पदों पर महिला अफसर आसीन हैं। इनमें गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और नोएडा-ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी शामिल हैं। खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में पुलिस और प्रशासनिक तैनाती के लिहाज से यह दोनों पोस्ट सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। इन दोनों महिला नौकरशाहों के साथ जिले में इस वक्त 61 गैजेटेड ऑफीसर्स की भारी-भरकम फौज तैनात है। इनमें 10 आईएएस, 20 पीसीएस, 9 आईपीएस और 22 पीपीएस अफसर शामिल हैं। इस वक्त गौतमबुद्ध नगर में 5 आईएएस, 4 आईपीएस, 5 पीसीएस और 2 आईपीएस अफसर महिलाएं हैं।

सबसे सीनियर हैं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह
गौतमबुद्ध नगर में तैनात तमाम पुलिस और प्रशासनिक अफसरों में सबसे सीनियर कमिश्नर लक्ष्मी सिंह हैं। वह उत्तर प्रदेश कैडर में वर्ष 2000 बैच की आईपीएस अफसर हैं। मूल रूप से लखनऊ की निवासी हैं। लक्ष्मी सिंह के हौसलों का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। दरअसल, नहीं की बराबर लड़कियां मैकेनिकल इंजीनियरिंग में जाती हैं। लक्ष्मी सिंह ने गौतमबुद्ध नगर में कार्यभार संभालते हुए कहा था, "पुलिस में जेंडर कोई मायने नहीं रखता है। इस सेवा में ना कोई महिला और ना कोई पुरुष होता है। यहां सब पुलिस वाले होते हैं।" उन्होंने मास्टर्स डिग्री सोशलॉजी में हासिल की है।

लक्ष्मी सिंह के साथ 3 आईपीएस और 2 पीपीएस महिलाएं
लक्ष्मी सिंह के साथ पुलिस महकमे में एडिशनल पुलिस कमिश्नर (हेडक्वार्टर) भारती सिंह हैं। वह मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली हैं और साल 2007 बैच की आईपीएस हैं। महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहीं पुलिस उपायुक्त डॉ.मीनाक्षी कात्यायन हैं। मीनाक्षी कात्यायन मूल रूप से झारखंड की रहने वाली हैं। वह एमबीबीएस डॉक्टर हैं और यूपी कैडर में वर्ष 2014 बैच की आईपीएस हैं। हरियाणा में रेवाड़ी जिले की रहने वाली प्रीति यादव उत्तर प्रदेश कैडर में वर्ष 2019 बैच की आईपीएस हैं। उन्हें हाल ही में राज्य सरकार ने गौतमबुद्ध नगर में तैनाती दी है। वह एडिशनल डीसीपी हैं। दो पीपीएस अफसर सौम्या सिंह और वर्णिका सिंह बतौर सहायक पुलिस आयुक्त जिले में काम कर रही हैं।

यूपी की सबसे इंपोर्टेंट पोस्ट पर ऋतु महेश्वरी
उत्तर प्रदेश में फील्ड पोस्टिंग के लिहाज से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की पोस्ट सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस वक्त इन दोनों ही पदों पर एक महिला अफसर तैनात है। मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली और उत्तर प्रदेश कैडर में 2003 बैच की आईएएस ऋतु महेश्वरी यह दोनों पोस्ट संभाल रही हैं। ऋतु महेश्वरी नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक भी हैं। वह 8 सितंबर 2019 से गौतमबुद्ध नगर में कार्यरत हैं। ऋतु इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं।

ऋतु के साथ 3 महिला आईएएस बतौर नायब तैनात
ऋतु महेश्वरी के साथ 3 महिला आईएएस अफसर नोएडा और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में तैनात हैं। इनमें ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी अदिति सिंह हैं। अदिति पॉलिटिकल साइंस में एमफिल हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की निवासी हैं। वह उत्तर प्रदेश कैडर में साल 2009 बैच की आईएएस हैं। अदिति सिंह नोएडा में कमर्शियल टैक्स डिपार्टमेंट के एडिशनल कमिश्नर भी हैं। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की दूसरी अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मेधा रूपम हैं। वह हाल ही में हापुड़ से ट्रांसफर होकर ग्रेटर नोएडा आई हैं। साल 2014 बैच की आईएएस मेधा रूपम केरल में तिरुअनंतपुरम की निवासी हैं। नोएडा अथॉरिटी की विशेष कार्याधिकारी वंदना त्रिपाठी हैं। वह साल 2015 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से गोरखपुर जिले की रहने वाली हैं।

यमुना अथॉरिटी की एसीईओ मोनिका रानी
यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी एशिया के सबसे बड़े जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का निर्माण करवा रही है। इस वक्त यह प्राधिकरण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान कायम कर रहा है। यहां अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी एक महिला अफसर कार्यरत हैं। गुरुग्राम की रहने वाली मोनिका रानी उत्तर प्रदेश कैडर में वर्ष 2010 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वह 27 नवंबर 2019 से यमुना अथॉरिटी में कार्यरत हैं। मोनिका रानी ने अर्थशास्त्र में एमए किया है और वह दिल्ली में बतौर प्राइमरी टीचर भी काम कर चुकी हैं।

जिला प्रशासन में 5 महिला पीसीएस अफसर
पुलिस और विकास प्राधिकरणों के साथ-साथ गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन में भी महिला अफसरों का दबदबा है। इस वक्त अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर पांच महिला पीसीएस अफसर काम कर रही हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वंदिता श्रीवास्तव का है। वंदिता श्रीवास्तव वर्ष 2010 बैच की पीसीएस अफसर हैं। वह मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली हैं। उनके बाद 4 डिप्टी कलेक्टर महिलाएं हैं। झांसी की मूल निवासी रेणुका दिक्षित और अमरोहा की रहने वालीं महिमा सरोज गौतमबुद्ध नगर में तैनात हैं। रेणुका वर्ष 2022 और महिमा सरोज वर्ष 2021 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं। दोनों युवा अफसर हैं। कोमल पवार और कल्पना जयसवाल भी गौतमबुद्ध नगर में बतौर डिप्टी कलेक्टर काम कर रही हैं। कोमल पंवार वर्ष 2021 और कल्पना 2019 बैच की पीसीएस अफसर हैं। कोमल मूल रूप से बागपत और कल्पना महाराजगंज जिले की रहने वाली हैं। इन चारों युवा महिला डिप्टी कलेक्टर ने जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

और कई महकमों की मुखिया हैं महिलाएं
इन सबके अलावा जिले में कई और महकमों की मुखिया महिलाएं हैं। इनमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी हैं। डिस्ट्रिक्ट हॉर्टिकल्चर ऑफिसर भी महिला हैं। डीएचओ शिवानी तोमर हैं। लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता कंचन वर्मा हैं और खाद्य विपणन महकमा भी महिलाओं के हाथ में है। गौतमबुद्ध नगर में डिप्टी आरएमओ की जिम्मेदारी महिला अफसर संभाल रही है। खेल महकमे पर भी महिलाओं का राज है। अनीता नगर डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.