योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ के साथ किया रात्रि भोजन, पंकज सिंह बनेंगे मंत्री!

नोएडा में हलचल तेज : योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ के साथ किया रात्रि भोजन, पंकज सिंह बनेंगे मंत्री!

योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ के साथ किया रात्रि भोजन, पंकज सिंह बनेंगे मंत्री!

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ और राजनाथ सिंह

Noida News : उत्तर प्रदेश का विधानसभा जीतने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) 2 दिन के दिल्ली दौरे पर आए हुए हैं। रविवार को उन्होंने दिल्ली में बीजेपी के बड़े नेताओं से मुलाकात की। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से लेकर गृहमंत्री अमित शाह (Home minister Amit Shah) तक शामिल हैं। रात्रि में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) के आवास पहुंचकर योगी ने रात्रि भोजन किया। दोनों नेताओं के बीच लंबी वार्ता हुई है। इस मुलाकात ने नोएडा में हलचल पैदा कर दी है। दरअसल, राजनाथ सिंह के बड़े बेटे पंकज सिंह नोएडा के विधायक हैं। वे रिकॉर्ड तोड़ वोटों से जीते हैं। उनके मंत्री बनने को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। शनिवार की पंकज सिंह और योगी की मुलाकात के बाद जिले में उनके मंत्री बनने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हाल में ही 'ट्राईसिटी टुडे' से बातचीत करते हुए पंकज सिंह ने इस बार सरकार में मंत्री बनने के सवाल पर कहा, "जो पार्टी तय करती है, वह हम लोग करते हैं। उस जिम्मेदारी का निर्वहन करते हैं। अभी मैं भारतीय जनता पार्टी में उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रहा हूं। पार्टी ने इतनी कम उम्र में मुझे महामंत्री, विधायक और उपाध्यक्ष बनने का मौका दिया है। इसके लिए ही मैं बहुत आभार व्यक्त करता हूं।"

लखनऊ से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और मौजूदा विधायक पंकज सिंह ने रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल की है। यह कामयाबी हासिल करने के बाद पंकज सिंह को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कार्यकर्ताओं से लेकर बड़े पदाधिकारियों के बीच चर्चाएं आम हो चली हैं। सीएम दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ 20 या 21 मार्च को ले सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में पंकज सिंह को लेकर मंत्री बनाने को लेकर हलचल तेज हैं।

भाजपा में 2 दशक से ज्यादा लंबी सक्रियता
भाजपा के बड़े नेताओं में शुमार राजनाथ सिंह के बेटे होने के बाबजूद पंकज सिंह ने पार्टी में बेहद नीचे से काम शुरू किया। वह विद्यार्थी परिषद और युवा मोर्चा से भाजपा में आए हैं। वह करीब दो दशक से तमाम पदों पर काम कर रहे हैं। फिलहाल बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष और दूसरी बार नोएडा से विधायक हैं। पंकज सिंह पढ़ाई पूरी करने के बाद पार्टी में सक्रिय हो गए थे। प्रदेश के युवाओं में उनकी अच्छी-खासी पकड़ मानी जाती है। पार्टी में सक्रियता बढ़ते ही उनको 2004 में भाजपा युवा मोर्चा की राज्य कार्यकारिणी में सदस्य बनाया गया था। धीरे धीरे पार्टी में पंकज सिंह का कद बढ़ता चला गया।

यूपी भाजपा के दिग्गज प्रदेश अध्यक्षों के साथ काम किया
पंकज सिंह उत्तर प्रदेश भाजपा के दिग्गज प्रदेश अध्यक्षों कलराज मिश्रा, विनय कटियार, सूर्य प्रताप शाही, रमापति त्रिपाठी, लक्ष्मीकांत वाजपेई, केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह के साथ काम कर चुके हैं। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में पंकज सिंह पहली बार नोएडा से चुनाव लड़े और जीत दर्ज कर उसी लखनऊ विधानसभा में पहुंचे, जहां कभी उनके पिता राजनाथ सिंह मुख्यमंत्री के तौर पर बैठते थे। कुल मिलाकर पंकज सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में बतौर मंत्री शामिल होने के लिए मजबूत उम्मीदवार हैं।

साथ काम करने वाले केंद्र और राज्य सरकार में मंत्री
पंकज सिंह के साथ काम करने वाले तमाम नेता राज्य सरकारों में और केंद्र में मंत्री हैं। आधा दर्जन से ज्यादा नेता तो सांसद बन चुके हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर पंकज सिंह के समकक्ष काम करते रहे हैं। यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी पंकज सिंह के साथ बतौर महामंत्री काम किया है। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया और जल संसाधन मंत्री महेंद्र सिंह भी पंकज सिंह के साथ प्रदेश संगठन में रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.