एक दिन में कोविड-19 के 398 नए मामले, जिलाधिकारी ने बुलाई हाई लेवल बैठक

प्रयागराज : एक दिन में कोविड-19 के 398 नए मामले, जिलाधिकारी ने बुलाई हाई लेवल बैठक

एक दिन में कोविड-19 के 398 नए मामले, जिलाधिकारी ने बुलाई हाई लेवल बैठक

Tricity Today | भानु चन्द्र गोस्वामी

प्रयागराज जनपद में कोविड-19 के संक्रमित मरीजों की संख्या में हो रही बढ़ोत्तरी के कारण शहर में स्थिति चिंताजनक हो गई है। इस हफ़्ते में शनिवार को 398 नये संक्रमित मरीज पॉजिटिव मिले हैं। प्रयागराज में कोरोना की दूसरी लहर में एक दिन में तीन लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल परिसर में लेवल-थ्री कोविड-19 सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के वार्डों में मरीजों की संख्या बढ़ने से सभी वार्ड फुल होने की स्थिति में आ गये हैं।

प्रयागराज शहर के कई इलाकों में बिगड़ते हालात पर इन दिनों जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। शनिवार को जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों और जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी व सरकारी अस्पतालों के मुख्य और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों के साथ बैठक की। कोरोना वायरस संक्रमित लोगों की जांच और उनके उपचार को लेकर चर्चा की गई। शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी सूचना में बताया गया है कि शनिवार को 398 नए संक्रमित पॉजिटिव मिले हैं। स्वरूपरानी नेहरू एल-थ्री चिकित्सालय में 145 मरीज भर्ती हैं। लेवल-थ्री से 7 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। वहीं होम आइसोलेशन से 21 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। जबकि 7401 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गये हैं।

सीएमओ डॉक्टर प्रभाकर राय ने कहा कि लोग अपने कामकाज के दौरान नियमों का पालन करें। मास्क लगायें और पूरी सावधानी बरतें। जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। कोरोना से बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन जरूरी है। क्योंकि परिस्थितियां कठिन हो रही है। खासतौर पर साठ वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को सतर्क रहना होगा।

स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमित लोगों को भर्ती करने की तैयारियों में लगा है। कोरोना महामारी से जिस तरह संक्रमित व्यक्तियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उससे होम आइसोलेशन की अनुमति देना स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन दोनों के लिए कठिन होगा। क्योंकि बहुत से घरों में होम आइसोलेशन की शर्त का पालन करने की सुविधा नहीं है।

लेवल-1 हॉस्पिटल शुरू हो सकता है 
शहर में बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के चलते और बिगड़ते हालात को देखते हुए कालिंदीपुरम में लेवल-1 श्रेणी के हॉस्पिटल को फिर से संचालित किये जाने की तैयारी चल रही है। यहां पर अलक्षणीय मरीजों को भर्ती कराया जायेगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.