कांग्रेस ने प्रयागराज जिलाध्यक्ष नफीस को पद से हटाया, जानिए किसको दी नई जिम्मेदारी

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : कांग्रेस ने प्रयागराज जिलाध्यक्ष नफीस को पद से हटाया, जानिए किसको दी नई जिम्मेदारी

कांग्रेस ने प्रयागराज जिलाध्यक्ष नफीस को पद से हटाया, जानिए किसको दी नई जिम्मेदारी

Google Image | Symbolic Photo

प्रयागराज शहर कांग्रेस कमेटी में विवादों के कारण कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने महानगर अध्यक्ष नफीस अनवर को तत्काल पद से हटा दिया है। उनकी जगह प्रदीप मिश्रा अंशुमन को नया अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस पार्टी के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल की तरफ से इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। पिछले दिनों शहर कांग्रेस अपने ही कुछ नेताओं के कारनामों से शुर्खियों में रही। इंटरनेट मीडिया पर वायरल पोस्टर की वजह पार्टी की काफी किरकिरी हुई।

कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बीते दिनों प्रयागराज में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया था। सिविल लाइंस में सड़़क पर बैठकर रास्ता रोकने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। वहां पर दो समोसे के लिए शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव इरशाद उल्ला और जिला प्रवक्ता हसीब अहमद के बीच विवाद हो गया था। इसके अगले दिन इसका वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो में इरशाद गाली गलौज करते नजर आ रहे थे। इसके अलावा वह हसीब को मारने की धमकी भी देते दिखाई दिए। 

वायरल इस वीडियो में महानगर अध्यक्ष नफीस अनवर यह कहते हुए मध्यस्थता करने की कोशिश करते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि शांत रहिए, यह घर नहीं है। इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था। इसके बाद इरशाद उल्ला की तरफ से कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी के साथ भाजपा से पीलीभीत सांसद वरुण गांधी का पोस्टर वायरल कर दिया गया। इस पर भाजपा एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने कांग्रेसियों को जोकर तक कह दिया। बावजूद इसके महानगर अध्यक्ष नफीस अनवर इरशाद को केवल 15 दिन के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया।

इसके अलावा प्रयागराज में आई बाढ़़ के समय कांग्रेस महानगर इकाई अध्यक्ष का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह लोगों को बिजली चोरी के लिए उकसाते नजर आये थे। ऐसी ही कई अन्य शिकायतें पार्टी हाईकमान के पास पहुंचीं थी। कांग्रेस पार्टी के जनरल सेक्रेटरी के आदेश से नए महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। प्रदीप मिश्र अंशुमन को महानगर इकाई का नया अध्यक्ष बनाया गया हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.