जल्द शुरू होगी साइकिल शेयरिंग योजना, 75 स्टेशन बनाए जाएंगे

प्रयागराज : जल्द शुरू होगी साइकिल शेयरिंग योजना, 75 स्टेशन बनाए जाएंगे

जल्द शुरू होगी साइकिल शेयरिंग योजना, 75 स्टेशन बनाए जाएंगे

Tricity Today | Symbolic photo

स्मार्ट सिटी प्राइवेट लिमिटेड एडवाइजरी कमेटी की बैठक में शहर में साइकिल शेयरिंग सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए शहर के 75 स्थानों पर साइकिल स्टेशन बनाए जाएंगे। जहां से किराए पर लोग अपनी जरूरत के मुताबिक साइकिल ले सकेंगे। नगर प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। पहले चरण में 30 जगहों पर स्टेशन शुरू किए जायेंगे। शहर के लोगों को अब जल्द ही साइकिल किराये पर मिल सकेगी।

पहले मुख्य रूप से शहर के 30 जगहों पर साइकिल स्टेशन बनाए जाएंगे। बाकी 45 स्टेशन दूसरे चरण में शहर के अन्य हिस्सों में बनाये जाने की योजना है। पहले चरण में चन्द्रशेखर आजाद पार्क, इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय, हाईकोर्ट, सिविल लाइंस में महात्मा गांधी मार्ग पर साइकिल स्टेशन बनाये जाएंगे। स्टेशन बनने का काम शीघ्र ही शुरू होने की उम्मीद है। शहर में साइकिल स्टैंड बनने से बाहर से आने वाले लोगों और छात्रों को काफी फायदा होगा। इसके लिए प्रयागराज स्मार्ट सिटी मिशन द्वारा अहमदाबाद की एजेंसी का चयन किया गया है। जगह-जगह बनने वाले 75 साइकिल स्टेशनों पर एक दर्जन या उससे अधिक साइकिलें होंगी। पर्यावरण की दृष्टि से यह सेवा कारगर हो सकती है।

प्रयागराज की महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने बताया कि साइकिल शेयरिंग सेवा प्रदान करने के लिए तीन तरह की सदस्यता देने का प्रावधान रखा गया है। एक वर्ष की सदस्यता लेने के लिए एक हजार रुपए देने होंगे। जबकि तीन महीने की सदस्यता के लिए तीन सौ रुपए और एक माह के लिए डेढ़ सौ शुल्क देना होगा। साइकिल लेने के लिए बुकिंग मोबाइल ऐप के माध्यम से करना होगा। चार्टर्ड बाईक एप्लिकेशन डाउनलोड करके लॉगिन करने पर साइकिल अनलॉक हो जाएगी। अन्य लोगों को साइकिल का किराया घंटे के हिसाब से देना होगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.