सिद्धार्थ नाथ सिंह बोले- मदरसा कांड की फिर होगी जांच, अखिलेश यादव के ट्वीट पर बोला हमला

Prayagraj : सिद्धार्थ नाथ सिंह बोले- मदरसा कांड की फिर होगी जांच, अखिलेश यादव के ट्वीट पर बोला हमला

सिद्धार्थ नाथ सिंह बोले- मदरसा कांड की फिर होगी जांच, अखिलेश यादव के ट्वीट पर बोला हमला

Google Image | उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह

Prayagraj : उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने रविवार को प्रयागराज के लीडर प्रेस मैदान में आयोजित 31 योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में वहां उपस्थित भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि यहां मौजूद हर व्यक्ति को मदरसा कांड याद होगा। उन्होंने कहा कि आज शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक मौका है। प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश में माफिया राज और गुंडाराज का खात्मा हुआ है। सीएम योगी के नेतृत्व में कड़ाई के साथ भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सपा मुखिया के ट्वीट पर बातों से हमला बोला है।

सपा मुखिया के ट्वीट पर पर बोला हमला
कैबिनेट मंत्री अपने प्रयागराज प्रवास के दौरान सपा मुखिया के ट्वीट 'उत्तर प्रदेश के माननीय सत्ताधारी कह रहे हैं कि जो सत्ता से दूर हैं उनके पास पैसा कहां से आया। इसका मतलब साफ है कि भाजपा मानती है कि सत्ता में रहने पर वो भ्रष्टाचार से पैसा कमाती है। वसूली से भी, ट्रांसफर पोस्टिंग और बुलडोजर का डर दिखाकर भी। चंदे और बोरी की चोरी से भी' पर जवाब देते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपनी पार्टी का चरित्र तो खुद ही बखान कर रहे हैं। उसके साथ ही जनता को अपनी सरकार द्वारा किए भ्रष्टाचार के तरीके भी बता रहे हैं। अब तो वह शर्म करें।

माफियाओं के सफाए से लोग राहत की सांस ले रहे हैं
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रयागराज में अब माफिया साफ हो चुके हैं। इससे आम जनता राहत की सांस ले रही है। अब यहां कोई किसी को जान का डर दिखाकर उसकी जमीन नहीं हड़प सकता। जो जमीन हड़पे थे उसी जमीन पर हम भूमि पूजन कर आधारशिला रख रहे हैं। इन्हीं जमीनो पर गरीबाें के लिए आवास बना रहे हैं। प्रयागराज में तकरीबन दो सौ बीघे भूमि को माफियाओं और गुंडों से खाली करवाई गई। इन्हीं खाली कराई गई जमीनों पर गरीबों के लिए घर बनाने का काम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब अतीक अहमद के भाई ने अपने ही समाज के लोगों के साथ क्या हरकत की थी वह किसी से छिपा नहीं है। कहा कि मदरसा कांड फिर से खुलेगा। उसकी जांच एक बार फिर से शुरू होगी। आज प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और जो पहले भय का माहौल होता था उससे सभी को मुक्ति मिली है।

आमजनता के लिए निरंतर प्रयासरत है सरकार
मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने सुशासन का वादा किया था वह पूरा किया। सभी को सुरक्षित करने का भी दावा हमने पूरा किया। बाकी आमजन के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। इसके बाद अब जनता की बारी है। प्रदेश में 2022 के आगामी विधानसभा चुनाव में लोग फिर से साथ दे, जिससे डबल इंजन की गाड़ी चलती रहे। इससे प्रदेश के साथ शहर पश्चिमी क्षेत्र में विकास का भी पहिया घूमता रहेगा। शहर पश्चिमी में हमने माफिया का सफाया किया। अब बात होती है तो केवल विकास की। कई जगहों पर उद्योग लगाए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.