12वीं के छात्र वेदांत ने गोल्फ में दिखाया दम, इस बड़े टूर्नामेंट में मिली बड़ी उपलब्धि

प्रतिभाः 12वीं के छात्र वेदांत ने गोल्फ में दिखाया दम, इस बड़े टूर्नामेंट में मिली बड़ी उपलब्धि

12वीं के छात्र वेदांत ने गोल्फ में दिखाया दम, इस बड़े टूर्नामेंट में मिली बड़ी उपलब्धि

Tricity Today | वेदांत सिरोही

भारतीय गोल्फ की जूनियर श्रेणी के उदीयमान सितारे दिल्ली के वेदांत सिरोही ने उम्दा प्रदर्शन किया है। भारतीय गोल्फ यूनियन (आईजीयू) के तत्वावधान में पंचकूला गोल्फ कोर्स में 15 से 19 फरवरी तक हुई प्रतियोगिता में सिरोही ने 16 वर्ष की उम्र में क्वालीफाई किया। प्रतियोगिता में 160 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें सिरोही ने 16वां स्थान प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में कठिन मुकाबला हुआ। पहले राउंड में 160 खिलाड़ियों में से केवल 60 खिलाड़ी ही अगले राउंड में पहुंच पाए। दूसरे राउंड में 60 खिलाड़ियों में से 40 खिलाड़ी ही तीसरे राउंड में पहुंचे। इस प्रतियोगिता में सिर्फ 20 खिलाड़ी ही क्वालीफाई कर पाए।

पहले क्रिकेट सीखा, फिर गोल्फ को बनाया करियर
12वीं के छात्र वेदांत सिरोही ने गोल्फ को ही अपना करियर बनाने का निर्णय किया है। प्रारंभिक वर्षों में क्रिकेट में प्रशिक्षण लेने के बाद वेदांत ने गोल्फ के खेल में रुचि दिखानी शुरू की। पिछले 4 वर्षों में तेजी से सफलता की सीढ़ियां चढ़ी। आईजीयू के 2017 के जूनियर फीडर टूअर के नॉर्थ जोन में तीसरा स्थान प्राप्त करने के उपरांत उसने ऑल इंडिया स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। अगले ही वर्ष आईजीयू जूनियर मैन टूअर में वेदांत ने  बी कैटेगरी में  5वां स्थान  प्राप्त किया।

पहली बार ए कैटेगरी में खेलते हुए 2019 में 11वां स्थान हासिल किया। अब पहली बार में एमेच्योर श्रेणी में क्वालीफाई करने में सफलता प्राप्त की। आईजीयू की प्रतियोगिताओं के अलावा वेदांत ने अलबाट्रौस गोल्फ टूर्नामेंट्स में कई बार विजयी होकर उसने आर्डर ऑफ मेरिट में प्रथम स्थान हासिल किया। वह दो बार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भागीदारी के लिए भी चुने गए।

सीमित संसाधनों में मनवाया लोहा
वेदांत के पिता रेलवे में कार्यरत हैं परंतु सीमित संसाधनों के होते हुए भी इस 16 वर्ष के बच्चे ने संसाधनों की कमी को कभी अपने लक्ष्य के सामने नहीं आने दिया। अपने अथक परिश्रम द्वारा अनेकों उपलब्धियां हासिल की हैं।  वेदांत के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उसकी प्रतिभा को देखते हुए उसे दिल्ली गोल्फ क्लब ने लगातार 2 वर्षों तक कैंप फॉर एक्सीलेंस के लिए भी चुना। इसमें जिसमें निशुल्क कोचिंग, फिटनेस तथा खेलने की सुविधा प्रदान की जाती है। वेदांत को 2018 में दिल्ली गोल्फ सोसाइटी ने टैलेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया।

ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने की है चाहत
वेदांत का लक्ष्य 2024/25 ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करना है। अधिकांश उदीयमान खिलाड़ी संसाधनों की कमी की वजह से बीच में ही अपने खेलों के प्रति लगाव को छोड़कर अन्य व्यवसाय की ओर जाने के लिए विवश हो जाते हैं। लेकिन वेदांत ने खेल को करियर की तरह लेकर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.