अवतार सिंह भड़ाना की हकीकत बयां करने जेवर आएंगे मीरापुर के लोग, बताएंगे- कैसे 5 साल लावारिस रखा

जेवर : अवतार सिंह भड़ाना की हकीकत बयां करने जेवर आएंगे मीरापुर के लोग, बताएंगे- कैसे 5 साल लावारिस रखा

अवतार सिंह भड़ाना की हकीकत बयां करने जेवर आएंगे मीरापुर के लोग, बताएंगे- कैसे 5 साल लावारिस रखा

Tricity Today | अवतार सिंह भड़ाना

UP Assembly Election 2022 : कांग्रेस के पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक अवतार सिंह भड़ाना अब समाजवादी-पार्टी राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन के टिकट पर जेवर से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में अवतार सिंह भड़ाना ने मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर कामयाबी हासिल की थी। कुछ महीने बाद ही वह मीरापुर से गायब हो गए। लिहाजा, पांच साल तक विधानसभा क्षेत्र लावारिस पड़ा रहा। अब मीरापुर के लोग जेवर आएंगे और अवतार सिंह भड़ाना के खिलाफ प्रचार करेंगे। जेवर के वोटरों को बताएंगे कि कैसे अवतार सिंह भड़ाना राजनीतिक लाभ उठाकर इलाके से पलायन कर जाते हैं।

मंत्री बनने के लालच में आए थे उत्तर प्रदेश
मीरापुर कस्बे के रहने वाले अनूप त्यागी का कहना है, "इसमें कोई दोराय नहीं कि मीरापुर से भाजपा का चुनाव जीतना बेहद मुश्किल है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता ने अवतार सिंह भड़ाना के लिए काम किया। सबने अपनी जान झोंक दी। भाजपा को कामयाबी मिली। अवतार सिंह विधायक बन गए। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और उनकी मंत्री बनने की ख्वाहिश पूरी नहीं हो सकी। लिहाजा, अवतार सिंह वापस फरीदाबाद भाग गए। भाजपा के विधायक थे लेकिन अनुशासन तोड़कर कांग्रेस के टिकट से लोकसभा का चुनाव लड़ लिया। वह फरीदाबाद से चुनाव हार गए तो अब फिर उत्तर प्रदेश की याद आ गई है। हम लोगों ने पांच साल बिना जनप्रतिनिधि के काटे हैं। अब वह जेवर की जनता को छलने पहुंच गए हैं। मीरापुर क्षेत्र के 200 लोग जेवर जाएंगे। वहां गांवों में घर-घर जाकर अवतार सिंह भड़ाना की हकीकत बताएंगे। हम लोगों से कहेंगे कि जिस तरह हम धोखे के शिकार हुए, आप लोग बच जाएं।"

"केवल राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरा करना मकसद"
भोकरहेड़ी गांव के निवासी राजकुमार का कहना है, "हम लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव में अवतार सिंह भड़ाना को वोट देकर बड़ी गलती की थी। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी की लहर थी। भाजपा ने जिस किसी को भी चुनाव मैदान में उतार दिया, लोग उसके साथ खड़े हो गए थे। यह तनिक सा भी अनुमान नहीं था कि अवतार सिंह भड़ाना चुनाव जीतने के बाद गायब हो जाएंगे। वे चुनाव प्रचार के दौरान बड़ी-बड़ी बातें करते थे। खुद को बेटा बताते थे और सेवा करने का वादा किया था। उनका बड़ा नाम देखकर लोग मोहित हो गए थे। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान जो मोबाइल नंबर संपर्क करने के लिए दिए थे, परिणाम आने के अगले दिन ही बंद हो गए थे। पिछले 5 वर्षों से लोग उन्हें तलाश कर रहे हैं, उनका कोई पता ठिकाना नहीं मिला। अब वह इसी तरह अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए गौतमबुद्ध नगर की जेवर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। हम लोग उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के बारे में जेवर के वोटरों को बताएंगे। मीरापुर और मेरठ से चुनाव जीतकर गायब हो गए। ठीक उसी तरह जेवर की जनता को भी धोखा देंगे।"

"केवल बड़ी बातें करके झूठ बोलते हैं भड़ाना"
वर्ष 2013 में मुजफ्फरनगर दंगों की आग में जला था। इन दंगों की शुरुआत मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कवाल से शुरू हुई थी। 'कवाल का बवाल' पूरे देश ही नहीं दुनिया में कुख्यात हो गया था। इसका फायदा भी अवतार सिंह भड़ाना को मिला। दरअसल, पूरे इलाके में हिंदू मुस्लिम वोटरों का पोलराइजेशन हुआ था। कवाल गांव के निवासी राजपाल सिंह सैनी कहते हैं, "अवतार सिंह भड़ाना झूठ बोलने में माहिर हैं। वह बड़ी-बड़ी बातें करके लोगों को भरोसा दिला देते हैं कि बेहद सीधे और सच्चे इंसान हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में यह इलाका दंगों का दंश झेल रहा था। उन्होंने यहां आकर बड़ी-बड़ी बात कीं। जिससे लोग बहुत खुश हुए। हिंदुओं ने एकतरफा अवतार सिंह भड़ाना को वोट दिए। इसके बावजूद वह बेहद कम मार्जिन से नामुमकिन चुनाव जीते थे। उनका मकसद केवल उत्तर प्रदेश में आकर मंत्री बनना था। जब यह मकसद पूरा नहीं हुआ तो वह हम लोगों को लावारिस छोड़कर फरीदाबाद भाग गए। इस दौरान लोगों ने उनसे बार-बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वह फोन तक सुनने नहीं आए। उनके लोग फोन उठाते थे और बहाने बनाकर हमें टरका देते थे।"

यूपी में मंत्री बनना चाहते हैं अवतार सिंह भड़ाना
अशोक सैनी ने कहा, "अवतार सिंह भड़ाना की चुनाव जीतने की एक मोड्सऑपरेंडी है। वह येन-केन प्रकारेण चुनाव जीतने के लिए मैदान में उतरते हैं। अब उन्हें लग रहा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन की सरकार बन सकती है। जेवर विधानसभा सीट हरियाणा बॉर्डर पर है। वह भाईचारा और तमाम दूसरी तरह की लोकलुभावन बातें करके वोट हासिल करना चाहते हैं। हम लोग जेवर जाएंगे और वहां के लोगों को बताएंगे कि अवतार सिंह भड़ाना के झांसे में नहीं आएं। यह सबको पता है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली नहीं है। लिहाजा चुनाव के बाद अवतार सिंह भड़ाना जेवर और गौतमबुद्ध नगर से भी नदारद हो जाएंगे। वहां के लोगों को सोच समझकर फैसला लेना चाहिए।"

मीरापुर की जनता को किया अनाथ
जेवर के निवासी ठाकुर देवेंद्र का कहना है कि "चुनाव का बिगुल बजते ही अब पैराशूट विधायक हमारे दरवाजे आकर खड़ा हो गया है। हम पैराशूट नहीं हेलीकॉप्टर विधायक भी कह सकते हैं, क्योकि अवतार सिंह भड़ाना हेपीकॉप्टर से चलता है। हम अवतार सिंह भड़ाना को अच्छी तरीके से जानते हैं। अवतार सिंह भड़ाना वही विधायक है, जिसने भारतीय जनता पार्टी का विधायक होने के बावजूद भी मीरापुर को अनाथ कर दिया, लेकिन वह जेवर को इस हालत में नहीं होने देंगे। जेवर विधानसभा में किसी भी जाति का व्यक्ति अवतार सिंह भड़ाना को वोट नहीं देगा। अवतार सिंह ने मीरापुर के हमारे भाइयों को दुख पहुंचाया है। हम इसको कतई भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

मीरापुर जैसी होगी जेवर की हालत
जेवर विधानसभा के निवासी विकास नागर ने बताया कि "जेवर इस समय काफी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। अगर जेवर विधानसभा की जनता ने अवतार सिंह भड़ाना को वोट दिया तो ना ही केवल यहां का विकास रुक जाएगा, बल्कि जेवर विधानसभा की हालत बद से बदतर हो जाएगी जो मीरापुर विधानसभा की हालत हुई है, वही हालत जेवर विधानसभा की हो जाएगी।

अवतार से बात करने के लिए चाहिए हेलीकॉप्टर
जेवर के निवासी राहुल भाटी ने बताया कि "मेरे ख्याल से अवतार सिंह भड़ाना वही विधायक है जो मीरापुर में विधानसभा जीतने के बाद अपने क्षेत्र की जनता से मिलने तक नहीं गया। अवतार सिंह भड़ाना वही नेता है जो मीरापुर की जनता को अनाथ करके जेवर में आना चाहता हैं। हम जेवर में ऐसा कभी नहीं होने देंगे। मीरापुर की हालत इस समय काफी दयनीय है। विधायक होने के बावजूद भी अवतार सिंह अपने क्षेत्र की हालात लेने नहीं जाते, ऐसा विधायक हमें नही चाहिए। वैसे ही अवतार सिंह भड़ाना हेलीकॉप्टर से चलता है। अगर वह विधायक बना तो जेवर की जनता को उनसे बात करने के लिए हेलीकॉप्टर लेना होगा।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.