योगी आदित्यनाथ इस सीट से लड़ेंगे चुनाव, प्रदेश को हिंदुत्व और विकास मॉडल का देंगे संदेश

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : योगी आदित्यनाथ इस सीट से लड़ेंगे चुनाव, प्रदेश को हिंदुत्व और विकास मॉडल का देंगे संदेश

योगी आदित्यनाथ इस सीट से लड़ेंगे चुनाव, प्रदेश को हिंदुत्व और विकास मॉडल का देंगे संदेश

Tricity Today | Yogi Adityanath

Lucknow News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब उम्मीदवारों के चयन को लेकर बीजेपी की बैठकों का दौर जारी है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में चल रही भाजपा की हाई लेवल मीटिंग के दौरान यह फैसला किया गया है। माना जा रहा है कि अयोध्या हिंदुत्व और विकास दोनों का मॉडल है। इसलिए सीएम योगी आदित्यनाथ को वहां से चुनाव लड़ाया जाना चाहिए। इससे अवध क्षेत्र के साथ पूरे प्रदेश के पार्टी के कोर मतदाताओं को भी सकारात्मक संदेश जाएगा।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हिन्दू भावनाओं को एक करता है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव में उतारे जाने से पूरे प्रदेश में हिंदुत्व का सकारात्मक संदेश जाएगा। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में हुई पार्टी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, इस बात को लेकर भी चर्चा हुई। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी के मथुरा सीट से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे। सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय नेतृत्व में तय कर लिया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे। संभावना है कि गुरुवार को प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में इस निर्णय पर अंतिम मुहर लगने के बाद योगी की सीट सहित अन्य प्रत्याशियों की घोषणा पार्टी की ओर से की जाएगी।

सांसद ने मुख्यमंत्री योगी को मथुरा से चुनाव लड़ाने की मांग
भाजपा के राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मांग की थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मथुरा से चुनाव लड़ाया जाना चाहिए। उन्होंने पत्र में कहा कि पार्टी यदि योगी आदित्यनाथ को मथुरा से चुनाव लड़ाती है तो इससे पूरे प्रदेश और देश की जनता को खुशी होगी। हरनाथ सिंह यादव ने साथ ही यह भी उल्लेख किया कि खुद मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की है कि पार्टी जहां से कहेगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र की जनता की विशेष इच्छा है कि वह भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा से चुनाव लड़ें।

गोरखपुर से पांच बार लोकसभा सांसद रहे आदित्यनाथ
प्रदेश की गोरखपुर लोकसभा सीट से 5 बार सांसद रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिंदुत्व के बड़े चेहरे माने जाते रहे हैं। वे पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। पहले ही उन्हें मथुरा या फिर अयोध्या से चुनाव में उतारे जाने की चर्चाएं तेज थीं। अयोध्या से मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने से भाजपा के यहां से जीतने की उम्मीदें काफी बढ़ जाएंगी। वैसे गोरखपुर सीट भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए खास माना जाता है। इस कारण इस सीट को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा थी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.