गोकश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, चौकी प्रभारी समेत पांच घायल, आरोपी गिरफ्त से फरार

मेरठ : गोकश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, चौकी प्रभारी समेत पांच घायल, आरोपी गिरफ्त से फरार

गोकश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, चौकी प्रभारी समेत पांच घायल, आरोपी गिरफ्त से फरार

Google Image | प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मेरठ में गोकशी के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसमें चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामला मेरठ के दौराला क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में गोकशी के कई आरोपी छिपे हुए हैं। पुलिस की एक टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए गई थी। पर पुलिस को भनक नहीं लगी। गोकशी के आरोपी पूरी तरह तैयार थे।  उन्होंने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने 12 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस की कई टीमें बना दी गई हैं और आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके के पुलिस उपाधीक्षक  संजीव दीक्षित ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंनें बताया कि दौराला क्षेत्र के रुहासा गांव में पुलिस की टीम गोकशी के आरोपियों को पकड़ने गई थी। उसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस बल पर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने गिरफ्तार किए  गये आरोपी को भी छुड़ा लिया। 
         
घायल पुलिसकर्मियों में सकौती चौकी प्रभारी सुखबीर सिंह, मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार, जीप चालक आदेश के अलावा सुधीर और आकाश राणा घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में 12 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। किसी भी आरोपियों को छोड़ा नहीं जायेगा। टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.