प्रियंका का बड़ा ऐलान, कांग्रेस की सरकार बनी तो रद्द होंगे नए कृषि कानून, किसानों ने किया स्वागत

सहारनपुर: प्रियंका का बड़ा ऐलान, कांग्रेस की सरकार बनी तो रद्द होंगे नए कृषि कानून, किसानों ने किया स्वागत

प्रियंका का बड़ा ऐलान, कांग्रेस की सरकार बनी तो रद्द होंगे नए कृषि कानून, किसानों ने किया स्वागत

Google Image | प्रियंका ने सहारनपुर में किसानों को संबोधित किया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को सहारनपुर में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो तीनों नए कृषि सुधार कानूनों को रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने इन तीनों कानूनों को किसानों के लिए घातक बताते हुए कहा कि इससे किसी को फायदा नहीं होगा। प्रियंका बुधवार को कांग्रेस के ‘जय जवान जय किसान’ महा अभियान के पहले दिन जनता को संबोधित कर रही थीं। कांग्रेस ने कार्यक्रम की शुरुआत सहारनपुर के चिलकाना से की। यहां प्रियंका समेत पार्टी के बड़े दिग्गज सरकार के खिलाफ खूब बरसे। 

प्रियंका ने किसान महापंचायत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा अन्य भाजपा नेताओं पर कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का 'अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहा, “ये कानून राक्षसी हैं। अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो इन कानूनों को रद्द किया जाएगा। इन कृषि कानूनों को इस तरह बनाया गया है, ताकि मंडियां समाप्त हो जाएं और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य बिल्कुल भी ना मिले।” कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस प्रकार की किसान बैठकों की योजना बनाई है। उसी क्रम में आज पहली रैली थी। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस खुद को फिर से राज्य की राजनीति में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही है।

कानून वापस होने तक लड़ेगी कांग्रेस
प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में दो टूक कहा कि जब तक तीनों काले कृषि कानून वापस नहीं होंगे, तब तक किसानों के आंदोलन को हमारा समर्थन जारी रहेगा। प्रियंका सहारनपुर जिले के कस्बा चिलकाना-सुल्तानपुर के जेजे इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित स्थल पर पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार को किसान और गरीब विरोधी बताते हुए जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि खेती पर लागत बढ़ी है। डीजल और खाद्य एवं बीज और कीटनाशकों के दाम बढ़े हैं। पर किसानों को उनकी उपज का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। 

प्रधानमंत्री पर किया कटाक्ष    
प्रियंका ने कहा, “पिछले विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री ने वादा किया था कि गन्ना किसानों को उनका बकाया मिलेगा। लेकिन क्या किया उन्होंने? उन्होंने अपने लिए 16 हजार करोड़ रुपये से दो हवाई जहाज खरीदे। ताकि वह दुनिया भर में घूम सकें। दिल्ली में संसद भवन के सौंदर्यीकरण के लिए 20 हजार करोड़ रुपए निकाल कर रख लिए। मगर किसानों के 15 हजार करोड रुपये का बकाया आज तक नहीं मिला।" उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, “समझ लीजिए, बहुत देख लिया आपने इनकी बातों को। उनका 56 इंच का सीना देख लिया, जिसके अंदर छोटा दिल है। जो सिर्फ अपने खरबपति मित्रों के लिए धड़कता है। वह किसानों का दिल नहीं समझ रहे हैं। 

शाकुंभरी देवी और रायपुर खान की दरगाह पहुंची
उन्होंने कहा, “किसानों का दिल इस देश की धरती के लिए धड़कता है, क्योंकि इस धरती को वह सींचता है। इस धरती से उसकी जान जुड़ी हुई है। उसी किसान का बेटा एक जवान बनकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा करता है। मगर हमारे प्रधानमंत्री को उनके दर्द का एहसास नहीं है।" प्रियंका गांधी वाड्रा ने सहारनपुर दौरे के दौरान शाकुंभरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और रायपुर खान की दरगाह की जियारत भी की। महापंचायत के दौरान किसानों ने प्रियंका को हल भेंट किया। इस दौरान पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और दल के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया भी मौजूद थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.