सज गया मंच अब सिर्फ योगी का इंतजार, कल सहारनपुर से होगा चुनाव प्रचार का आगाज

UP Nikay Chunav 2023 : सज गया मंच अब सिर्फ योगी का इंतजार, कल सहारनपुर से होगा चुनाव प्रचार का आगाज

सज गया मंच अब सिर्फ योगी का इंतजार, कल सहारनपुर से होगा चुनाव प्रचार का आगाज

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ

Saharanpur News (Deepak Arora) : सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर मेयर प्रत्याशी डॉ.अजय कुमार सिंह के लिए वोट मांगेंगे। सहारनपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ करीब 70 मिनट तक रहेंगे। यूपी निकाय चुनाव के लिए सहारनपुर से ही पूरे प्रदेश में प्रचार की शुरुआत होगी। जिसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ यूपी के शामली और अमरोहा में सभाएं करेंगे।

योगी आदित्यनाथ बने स्टार प्रचारक
यूपी में दो चरणों में निकाय चुनाव में चुनाव प्रचार के लिए भाजपा स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी कर चुकी है। जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ का भी नाम शामिल है।  यूपी निकाय चुनाव में भाजपा ने नगर निगम की सभी 17 सीटों को जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसीलिए पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार प्रसार अभियान में उतरी है।

मां शाकुंभरी देवी की धरती से होगी चुनाव प्रचार की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली को लेकर भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ.चंद्रमोहन ने कहा कि नगर निकाय चुनाव का श्रीगणेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां शाकुंभरी देवी के पावन धरती से करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली बार नगर निकाय चुनाव में जीत का अंतर कम था, लेकिन इस बार पार्टी कार्यकर्ताओं और विकास के दम पर भाजपा के प्रत्याशी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे। 

महाराज सिंह डिग्री कॉलेज में होगी जनसभा
योगी आदित्यनाथ सहारनपुर में सबसे पहले मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करेंगे। जिसके बाद दोपहर 12:00 महाराज सिंह डिग्री कॉलेज परिसर में बने सभा स्थल पर पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ भाजपा के मेयर प्रत्याशी डॉ.अजय कुमार सिंह के पक्ष में वोट मांगेंगे और साथ ही जिले की सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों पर भी कमल खिलाने की जनता से अपील करेंगे।

भाजपा के सामने इमरान मसूद की भाभी मैदान में
भाजपा ने सहारनपुर से डॉक्टर अजय सिंह को मेयर प्रत्याशी बनाया है तो वहीं बसपा से इमरान मसूद की भाभी और समधन खदीजा मसूद को मेयर प्रत्याशी घोषित किया है। सपा से मेयर उम्मीदवार समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक के भाई नूर हसन मलिक को बनाया गया है। कांग्रेस ने एडवोकेट प्रदीप वर्मा पर अपना दांव खेला है। वहीं आम आदमी पार्टी से सहदेव सिंह मेयर पद का चुनाव लड़ रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में कड़े इंतजाम
सीएम योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर दौरे को लेकर भाजपा नेताओं ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। जनसभा स्थल का निरीक्षण किया गया। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा सीएम की जनसभा को लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा के घेरे में सीएम योगी आदित्यनाथ की जन सभा होगी। पुलिस के साथ-साथ पीएसी और RAF की टीमें भी तैनात की जाएंगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.