मजदूर के खाते में आए 221 करोड़ रुपए, आयकर विभाग का नोटिस देखकर उड़े होश

Uttar Pradesh News : मजदूर के खाते में आए 221 करोड़ रुपए, आयकर विभाग का नोटिस देखकर उड़े होश

मजदूर के खाते में आए 221 करोड़ रुपए, आयकर विभाग का नोटिस देखकर उड़े होश

Tricity Today | शिव प्रसाद

Basti news : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक गांव में रहने वाले एक मजदूर के खाते में 2 अरब 21 करोड़ रुपए आने से हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर आयकर विभाग ने मजदूर को नोटिस भेज कर पूरी जानकारी मांगी। इसके बाद मजदूर और उसके परिजनों के होश उड़ गए। बताया गया है कि मजदूर दिल्ली में रहकर पत्थर की घिसाई का काम करता है। उसके नाम से ही दिल्ली के दो प्राइवेट बैंकों में अकाउंट खुले हैं, जिनमें यह रुपया आया है। मामले की जानकारी मिलते ही मजदूर दिल्ली से अपने गांव चला गया।

आयकर विभाग का नोटिस देख उड़े होश 
जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित बरतनिया गांव में शिव प्रसाद निषाद का परिवार रहता है। बताया गया है कि शिव प्रसाद निषाद वर्ष 2008 से दिल्ली में रहकर टाइल्स लगाने और पत्थर घिसाई का काम करते हैं। एक हफ्ते पहले उनके घर आयकर विभाग का नोटिस पहुंचा, तो परिवार वालों के होश उड़ गए। नोटिस में शिव प्रसाद के बैंक खाते में 221 करोड़ से अधिक रुपए का लेनदेन दिखाया गया है। इसके अलावा नोटिस में उनके खाते में 2 अरब 21 करोड़ 30 लाख रुपए नगद जमा होने और 4 लाख 58 हजार 715 रुपए का टीडीएस काटने की बात भी लिखी गई है। उसके बाद अब उन्हें 20 अक्टूबर को सभी दस्तावेज लेकर आयकर विभाग के कार्यालय में पेश होने के लिए भी कहा गया है। मामले की जानकारी मिलने पर शिव प्रसाद भी हैरान हैं। उनका कहना है कि वह समझ नहीं पा रहे हैं कि उनके खाते में इतना पैसा कहां से आया। फिलहाल वह दिल्ली में अपना काम छोड़कर अपने गांव चले गए हैं।

जिन खातों में रुपया आया, उन खातों की जानकारी होने से किया इंकार 
शिव प्रसाद दिल्ली से वापस अपने गांव पहुंच गए। उसके बाद वह मंगलवार को बस्ती के आयकर कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान आयकर अधिकारियों ने उनसे बैंक खातों के बारे में पूछा, तो शिव प्रसाद ने अपने तीन खातों का विवरण अधिकारियों को दिया। उसके बाद अधिकारियों ने उनके दिल्ली में आईसीआईसीआई और एक्सिस बैंक के खातों का विवरण दिखाया। जिस पर शिव प्रसाद ने इन खातों के बारे में अनभिज्ञता जताई। शिव प्रसाद के अनुसार, उनके केनरा बैंक नई दिल्ली के खाते में 300 रुपए हैं। सेंट्रल बैंक की 
लालगंज शाखा में 29,898 रुपए हैं। लालगंज पोस्ट आफिस में भी खाता है, जिसमें दो हजार रुपए हैं। इसके अलावा उनका कोई और खाता नहीं है।

2019 में गुम हो गया था पैन कार्ड
आयकर अधिकारियों द्वारा शिव प्रसाद के नाम, पते और पैन कार्ड के आधार पर दिल्ली के एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में खाता होने की जानकारी दी। शिव प्रसाद ने इन बैंकों में खाता होने से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि उनका पैन कार्ड वर्ष 2019 में गुम हो गया था। शिव प्रसाद ने अधिकारियों के सामने आशंका जताई कि किसी ने इसका दुरुपयोग कर खाता खुलवा लिया होगा। इस मामले में बस्ती के आयकर अधिकारियों का कहना है कि सूचना के आधार पर शिव प्रसाद को नोटिस भेजा गया है। वह मंगलवार को कार्यालय आए थे। उनसे पूछताछ की गई है। अभी इस मामले में छानबीन चल रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.