दो बसों की भिड़ंत में पांच लोगों की मौके पर ही मौत, 30 यात्री घायल, यूपी और हरियाणा के सीएम ने दुःख जाहिर किया

अलीगढ़ में दर्दनाक हादसा: दो बसों की भिड़ंत में पांच लोगों की मौके पर ही मौत, 30 यात्री घायल, यूपी और हरियाणा के सीएम ने दुःख जाहिर किया

दो बसों की भिड़ंत में पांच लोगों की मौके पर ही मौत, 30 यात्री घायल, यूपी और हरियाणा के सीएम ने दुःख जाहिर किया

Google Image | छतिग्रस्त बस

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शनिवार को एक भीषण हादसा हुआ है। यहां हरियाणा रोडवेज (Haryana Roadways) की दो बसों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है। करीब 30 यात्री घायल हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस ने बचाव व राहत के उपाय किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लोढा पुलिस थाना क्षेत्र के करसुआ गांव के पास एक बस का टायर अचानक फट गया। वह अनियंत्रित होकर दूसरी बस से जा टकराई। दोनों बड़े हरियाणा रोडवेज की हैं। हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खटटर (Manohar lal Khattar) ने दुःख जाहिर किया है।

अलीगढ़ के जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय को मामले से अवगत कराया गया है। डीएम ने संवाददाताओं से कहा, ''हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दुर्घटना में करीब 25-30 अन्य यात्री घायल हुए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायलों को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।'' उन्होंने कहा कि अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पीड़ितों के पते एकत्र किए जा रहे हैं। इनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। हादसा बहुत दर्दनाक है। बचाव कार्यों में खासी मशक्क्त करनी पड़ी है।

दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए हैं
इस हादसे में हरियाणा रोडवेज की दोनों बसों में आमने-सामने की भिड़ंत हुई है। दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए हैं। घायलों को क्षतिग्रस्त बसों से निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्क्त करनी पड़ी है। हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर ट्रैफिक जाम हो गया। करीब दो घंटों तक यातायात बाधित रहा है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में मरने वाले लोगों पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.