29 साल की सिविल जज का फंदे पर झूलता मिला शव, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

बदायूं से बड़ी खबर : 29 साल की सिविल जज का फंदे पर झूलता मिला शव, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

29 साल की सिविल जज का फंदे पर झूलता मिला शव, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

Tricity Today | महिला जज के कमरे की जांच करती पुलिस

Badaun News : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। बदायूं की जिला अदालत की सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय ने अपने सरकारी आवास पर आत्महत्या कर ली है। शनिवार की सुबह उनका शव कमरे में फंदे पर झूलता पाया गया है। इस सूचना के बाद हडकंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच कर रही है। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जांच जारी है। सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय ने आत्महत्या की है।



क्या है मामला
शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित जज कालोनी में रहने वाली सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय का शव उनके आवास के एक कमरे में फंदे के सहारे झूलता पाया गया है। दरअसल, सुबह समय पर कार्यालय न पहुंचने पर उनकी कोर्ट के कर्मचारियों ने कॉल की तो वह रिसीव नहीं हुई। इस पर कर्मचारी आवास पर पहुंचे तो काफी आवाज और खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुला। करीब साढ़े दस बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो कमरे में पंखे से शव लटक रहा था। पास में ही मोबाइल पड़ा था और दूसरे कमरे का सामान भी बिखरा हुआ था।

पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थी
कोतवाली इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने एसएसपी आलोक प्रियदर्शी को मामले की जानकारी दी। इस पर डीएम मनोज कुमार और एसएसपी आलोक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। बताया जा रहा कि पिछले कुछ दिन से ज्योत्सना राय डिप्रेशन में चल रहीं थी। उनकी डायरी से एक सुसाइड नोट मिला है। जिस पर पुलिस अधिकारी अभी कुछ बोल नहीं रहे हैं। बता दें कि ज्योत्सना राय की बदायूं में दूसरी पोस्टिंग थीं। वह अप्रैल 2023 में बदायूं आईं थी। इससे पहले वह अयोध्या में तैनात थीं।

मऊ की रहने वाली थीं
ज्योत्सना राय मूल रूप से मऊ जनपद के घोसी कोतवाली अंतर्गत तराईडीह गांव की रहने वाली थीं और अभी अविवाहित थीं। इनके पिताजी अशोक राय कोर्ट एसपीओ थे। ज्योत्सना उन्हीं के सानिध्य में पढ़ी-लिखी। ज्योत्सना के भाई गोलू राय लखनऊ में रेलवे इंजीनियर है। ज्योत्सना पांच साल पहले पीसीएस जे परीक्षा में सफल हुई थीं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.