हरियाणा से बिहार जा रही डबल डेकर बस को ट्रेलर ने टक्कर मारी, 18 यात्रियों की मौत

बाराबंकी में भीषण हादसा : हरियाणा से बिहार जा रही डबल डेकर बस को ट्रेलर ने टक्कर मारी, 18 यात्रियों की मौत

हरियाणा से बिहार जा रही डबल डेकर बस को ट्रेलर ने टक्कर मारी, 18 यात्रियों की मौत

Social Media | हादसे के बाद

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार की देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ है। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर खड़ी एक डबल डेकर बस को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बस में सवार और उसके नीचे सो रहे 18 यात्रियों की मौत हो गई है। इनमें एक महिला भी शामिल है। इनके अलावा 23 से ज्यादा लोग घायल हैं और 10 की हालत नाजुक है। सभी को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। यह बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ भी सकती है। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जाहिर किया है। मृतक आश्रितों और घायलों को आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

ओवरलोड होने से बस का एक्सल टूट गया था
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा बाराबंकी के रामसनेही घाट थाना क्षेत्र में हुआ है। बस में 150 यात्री सवार थे। दरअसल, रास्ते में खराब हुई एक दूसरी बस के यात्री भी इसी में सवार हो गए थे। ओवरलोड होने की वजह से बस का एक्सल टूट गया। बस ठीक करने के लिए ड्राइवर ने इसे हाईवे पर कल्याणी नदी के पुल पर खड़ा कर दिया था। लम्बी यात्रा और देर रात के कारण यात्रियों को नींद आ रही थी। इसलिए बस के नीचे और उसके आसपास लेट गए। रात में करीब 11:30 बजे लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस को टक्कर मार दी।

तेज बारिश के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आई
हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और रेस्क्यू शुरू कर दिया। घायलों को रामसनेही घाट के अस्पताल ले जाया गया। वहां ज्यादा सुविधाएं नहीं होने के कारण गंभीर रूप घायल लोगों को जिला अस्पताल और लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक इस भीषण हादसे में बस में सवार और उसके नीचे सो रहे 18 यात्रियों की मौत हो गई है। इनमें एक महिला भी शामिल है। इनके अलावा 23 से ज्यादा लोग घायल हैं और 10 की हालत नाजुक है।

हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर फरार
हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। रेस्क्यू के लिए हाईवे को रोक दिया गया। जिसकी वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाइवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हादसे के शिकार लोगों ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री बिहार के सीतामढ़ी और सुपौल सहित अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। ये सभी मजदूर हैं, जो धान की रोपाई करने के लिए अपने-अपने गांव वापस जा रहे थे। फिलहाल सभी हरियाणा में अलग-अलग जगहों पर काम कर रहे थे। सभी ने मिलकर डबल डेकर बस किराए पर की थी। यह लोग सोमवार को हरियाणा से रवाना हुए थे।

हादसे का शुरुआती कारण लो-विजिबलिटी
हादसे की जानकारी मिलने के बाद तमाम आला अफसर अस्पताल पहुंचे हैं। लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एसएन साबत बाराबंकी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि बस करीब 4 घंटे से पुल पर खड़ी हुई थी। शुरुआती जांच में हादसे का कारण लो विजिबिलिटी लग रहा है। फिलहाल, जांच चल रही है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन रिपोर्ट देंगे। अभी तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। बस में टक्कर मारने वाले ट्रेलर के ड्राइवर की तलाश की जा रही है। वह हादसे के बाद फरार हो गया है।

पीएम-सीएम ने दुख जाहिर किया, सहायता का ऐलान
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जाहिर किया है। दोनों नेताओं ने ट्वीट करके हादसे के शिकार लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मृतक आश्रितों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी घायलों का तेजी से इलाज करने का आदेश स्वास्थ विभाग, पुलिस और प्रशासन को दिया है। राज्य सरकार के उच्च अधिकारियों को निगरानी और मदद का आदेश दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.