कांग्रेस मुस्लिमों का पुराना घर, आज़म खान के लिए लड़ेंगे हर लड़ाई

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का बड़ा बयान : कांग्रेस मुस्लिमों का पुराना घर, आज़म खान के लिए लड़ेंगे हर लड़ाई

कांग्रेस मुस्लिमों का पुराना घर, आज़म खान के लिए लड़ेंगे हर लड़ाई

Google Image | यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का बड़ा बयान

Bareilly News : लोकसभा चुनाव अभी लगभग छह महीने दूर है। लेकिन, यूपी में सियासी तापमान हर दिन बढ़ रहा है। अब कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय राय ने आजम खान पर बयान देकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आजम खां सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त हैं। भाजपा सरकार उन पर द्वेषवश और बदले की भावना से मुकदमे कराती आ रही। वह भले ही सपा के नेता हैं, मगर कांग्रेस उनके प्रति संवेदना रखते हुए कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उनके लिए हर लड़ाई लड़ेंगे। कांग्रेस मुस्लिमों का पुराना घर है। अजय राय शाह शराफत दरगाह के सज्जादानशीन मोहम्मद सकलैन मियां के निधन पर शोक व्यक्त करने आए थे। यहां से लौटते समय उन्होंने मीडिया से बात की। बरेलवी उलमा और आल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी मुस्लिमों से अपील कर चुके कि सपा का विकल्प तलाशें। इस पर अजय राय ने कहा कि मौलाना से आग्रह करेंगे कि वह कांग्रेस के पक्ष में अपील करें।

अखिलेश से दूरी, आजम खां के लिए दरियादिली
बीते दिनों सपा मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस के नेताओं के बीचे वाद-विवाद देखने को मिला। मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस द्वारा तवज्जो न मिलने के बाद अखिलेश खासे नाराज हैं। किन्तु कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का सपा नेता आजमा खां को लेकर यह बयान यूं ही नहीं दिया गया है। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के कद्दावर नेता का यह बयान आना पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को भी लेकर देखा जा रहा है। जिनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मुस्लिमों की अच्छी खासी संख्या है। इसका साफ संकेत है कि कांग्रेस के लिए मुस्लिमों का नजरिया बदल रहा है और कांग्रेस की ओर से भी उनका आजम खां के बहाने खुला स्वागत किया जा रहा है।

क्षत्रपों से मोहभंग, रक्षा करने में अक्षम
देश में पिछले कुछ दशकों पर नजर दौड़ाएं तो मुस्लिम मतदाता जो कभी कांग्रेस का हुआ करता था, वो इससे छिटकर क्षत्रपों की गोद में जाकर बैठ गया। अगर हम अकेले यूपी की ही बात करें तो कभी देश की सबसे बड़ी पुरानी पार्टी की यूपी दुर्गति की एक वजह इस वोट बैंक का उससे दूर हो जाना भी है। लेकिन, अब फिर से एक बार स्थिति में बदलाव आया है। कर्नाटक चुनाव से मुस्लिम मतदाताओं का झुकाव एक बार भी अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस की तरफ देखने को मिल रहा है। इसका एक कारण यह भी है कि जिन क्षत्रपों के साथ मुस्लिम मतदाता जुड़े थे, उन्होंने भी सिर्फ एक वोटबैंक की तरह ही इनका इस्तेमाल किया। देशभर में वरिष्ठ मुस्लिम नेताओं यूपी के सपा नेता आजम खां, मुख्तार अंसारी, अफजाल अंसारी, अतीक अहमद, महाराष्ट्र के एनसीपी नेता नवाब मलिक, बसपा नेता मुनकाद अली, बीजेपी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी और शहनवाज हुसैन की आज क्या स्थिति है, यह किसी छिपी नहीं है। जब उन पर संकट के बादल मंडराए तो सपा सुप्रीमो उनका बचाव करने में अक्षम ही नजर आए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.