सहारनपुर की नकुड़ सीट पर भाजपा-सपा में होगा सीधा मुकाबला

कौन जीतेगा यूपी : सहारनपुर की नकुड़ सीट पर भाजपा-सपा में होगा सीधा मुकाबला

सहारनपुर की नकुड़ सीट पर भाजपा-सपा में होगा सीधा मुकाबला

Tricity Today | कौन जीतेगा यूपी

Kaun Jeetega UP : उत्तर प्रदेश विधानसभा में नंबर दो सीट नकुड़ है। यह सीट उन चुनिंदा विधानसभा क्षेत्रों में से एक है, जो वर्ष 2008 में हुए परिसीमन के बावजूद बरकरार रही हैं। फिलहाल यहां से भारतीय जनता पार्टी के विधायक धर्म सिंह सैनी हैं। सैनी, योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं। पिछले विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) से ठीक पहले धर्म सिंह सैनी बहुजन समाज पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए थे



पिछले चुनाव में 3,29,580 वोटर थे
इस विधानसभा क्षेत्र में 2017 के चुनाव के दौरान मतदाताओं की 3,29,580 थी। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने के लिए मिली थी। चुनाव पूरी तरह हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण पर आधारित था। भाजपा के धर्म सिंह सैनी के सामने कांग्रेस के इमरान मसूद ने चुनाव लड़ा था। धर्म सिंह सैनी को 94,375 वोट मिले थे, जबकि इमरान मसूद को 90,318 वोट मिले थे। 

मुस्लिम, दलित और ओबीसी वोटर निर्णायक हैं
नकुड विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम, दलित और अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं का दबदबा है। अन्य पिछड़ा वर्ग में खासतौर से गुर्जर, सैनी, धीमान और दूसरी अति पिछड़ा वर्ग वाली जातियां शामिल हैं। इस सीट पर मुसलमान और गुर्जर बिरादरी के वोटर निर्णायक भूमिका में हैं। कुल मिलाकर नकुड विधानसभा क्षेत्र में आने वाले चुनाव को लेकर बात करें तो मुकाबला इस बार भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच देखने को मिल सकता है। हालांकि, बेहट की तरह नकुड सीट पर भी इमरान मसूद का प्रभाव नजर आता है। क्योंकि इस बार मुसलमान मतदाताओं का रुख पूरी तरह समाजवादी पार्टी की ओर फोकस है, लिहाजा कांग्रेस के उम्मीदवार को यहां कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। 
इस चुनाव में कई नए चेहरे देखने को मिलेंगे
दूसरी ओर गुर्जर बिरादरी मौजूदा विधायक से खासी नाराज नजर आ रही है। ऐसे में उन्हें भी संघर्ष का सामना करना पड़ सकता है। समाजवादी पार्टी से नया चेहरा साहिल खान संभावित उम्मीदवार हैं। कांग्रेस का उम्मीदवार भी बदल सकता है। संभावना है कि इमरान मसूद इस बार बेहट सीट से चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में बेहट से कांग्रेस के मौजूदा विधायक नरेश सैनी नकुड़ में किस्मत आजमा सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी से धर्म सिंह सैनी ही चुनाव मैदान में उतरेंगे।

धर्म सिंह सैनी 15 वर्षों से सत्ता में लेकिन कुछ नहीं किया : साहिल
सपा नेता साहिल खान का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा मंत्री धर्म सिंह सैनी 15 वर्षों से सत्ता में हैं। वह पहले समाजवादी पार्टी और उसके बाद बसपा सरकार में मंत्री रहे। अब भारतीय जनता पार्टी में मंत्री हैं। इसके बावजूद नकुड विधानसभा क्षेत्र का विकास अधूरा तो दूर की बात है शुरू भी नहीं हो पाया है। मूलभूत सुविधाओं के लिए पूरा इलाका जूझ रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों का बुरा हाल है। साहिल खान ने आरोप लगाया कि धर्म सिंह सैनी ने केवल अपना विकास किया है। उनका क्षेत्र की जनता से दूर-दूर तक कोई लेना देना नहीं है। मैं धर्म सिंह सैनी को चुनौती देता हूं कि वह खुली डिबेट में अपने 15 वर्षों के कार्यकाल का ब्यौरा पेश करें। मैं उन्हें क्षेत्र के लोगों की परेशानियों के बारे में बताऊंगा।

इस सरकार ने ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए हैं : धर्म सिंह सैनी
पिछले साढे 4 वर्षों के कार्यकाल पर नकुड़ के विधायक और योगी आदित्यनाथ सरकार में राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी ने कहा, "इस सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सहारनपुर में पहले यातायात की सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। पिछले साढ़े 4 वर्षों में एक्सप्रेसवे और हाईवे का जाल बिछ गया है। तहसील से तहसील के बीच और जिला मुख्यालय से तहसीलों के बीच सड़कों का निर्माण करवाया गया है। कई गांवों में पुल बनवाए गए हैं। मेरे विधानसभा क्षेत्र में दो ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हो चुके हैं। प्राथमिक और मुख्य स्वास्थ्य केंद्रों का उच्चरण किया जा रहा है।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.