Saharanpur News : यूपी के सहारनपुर जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव उमरी मजबता में शनिवार की रात घुड़चढ़ी के दौरान महिलाओं से हुई छेड़छाड़ पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। संघर्ष में पांच से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुक़दमा दर्ज किया है। एसएसपी ने थाना प्रभारी को लापरवाही के आरोप में हटा दिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, गांव उमरी मजबता निवासी बाली उर्फ बालेश के बेटे मोहित की शादी थी। गांव में मध्य रात्रि मोहित की घुड़चढ़ी हो रही थी। इसी दौरान छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में मारपीट होने लगी। मारपीट खूनी संघर्ष में बदल गई। एक दूसरे पर तलवारों, लाठी डंडों से हमला कर दिया गया। इस खूनी संघर्ष में आशीष उर्फ कल्लू (26) पुत्र सेठपाल निवासी उमरी मजबता गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इनके खिलाफ दर्ज हुई हत्या की एफआईआर
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मोहकम, शीशपाल पुत्रगण चुहड़ सिंह और बॉबी, अंकुर पुत्रगण तीरथपाल निवासी उमरी मजबता के खिलाफ हत्या का मुक़दमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी विपिन ताडा ने बड़गांव थाना प्रभारी को हटा दिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए एसओजी, सर्विलांस और बड़गांव पुलिस की टीम को लगाया है।