बृजलाल खाबरी बने यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और अजय राय प्रांतीय अध्यक्ष

BIG BREAKING : बृजलाल खाबरी बने यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और अजय राय प्रांतीय अध्यक्ष

बृजलाल खाबरी बने यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और अजय राय प्रांतीय अध्यक्ष

Tricity Today | बृजलाल खाबरी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और अजय राय

Lucknow/New Delhi : कांग्रेस से बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी गई है। पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी को यूपी कांग्रेस का मुखिया नियुक्त किया गया है। शनिवार को यह जानकारी केंद्रीय महामंत्री केसी वेणुगोपाल की ओर से दी गई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को 6 हिस्सों में विभाजित करके प्रांतीय अध्यक्षों की नियुक्तियां भी की गई हैं। इनमें नसीमुद्दीन सिद्दीकी और अजय राय जैसे दिग्गज नेता शामिल हैं। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश चुनाव में बेहद खराब प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया था। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अजय सिंह लल्लू के नेतृत्व में चुनाव लड़ा था।

अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बृजलाल खाबरी को नियुक्त किया गया है। उनके साथ 6 और नेताओं को प्रांतीय अध्यक्ष बनाया गया है। इनमें नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अजय राय, वीरेंद्र चौधरी, नकुल दुबे, अनिल यादव इटावा और योगेश दीक्षित शामिल हैं। यह सभी लोग तत्काल प्रभाव से कामकाज शुरू करेंगे। कांग्रेस से मिली जानकारी के मुताबिक अगले एक महीने में बृजलाल खाबरी नई कार्यकारिणी का गठन करके केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी देंगे।

खाबरी ने 2017 और 2022 में यूपी विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, दोनों चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। वे दोनों बार ललितपुर जिले की महरौनी (सुरक्षित) से मैदान में उतरे। खाबरी को बीजेपी के मनोहर लाल पंथ (मन्नू कोरी) ने हराया था। मन्नू को यूपी सरकार में दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। खाबरी उरई (जालौन)  के रहने वाले हैं। वहीं, नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी बसपा के दिग्गज नेता रहे हैं। बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। सिद्दीकी अभी यूपी कांग्रेस में संचार विभाग में दायित्व संभाल रहे थे। वहीं, वाराणसी से कांग्रेस अजय राय को भी प्रदेश टीम में शामिल किया गया। अजय राय 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे हैं और दोनों बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.