योगी आदित्यनाथ के मंच से फिर भाजपा में एंट्री लेना चाहते थे धर्म सिंह सैनी, काफिला बीच रास्ते से लौटाया

माया मिली ना राम : योगी आदित्यनाथ के मंच से फिर भाजपा में एंट्री लेना चाहते थे धर्म सिंह सैनी, काफिला बीच रास्ते से लौटाया

योगी आदित्यनाथ के मंच से फिर भाजपा में एंट्री लेना चाहते थे धर्म सिंह सैनी, काफिला बीच रास्ते से लौटाया

Tricity Today | धर्म सिंह सैनी

Saharanpur : सहारनपुर जिले के कद्दावर नेताओं में शुमार धर्म सिंह सैनी को मौसम विज्ञानी भी माना जाता है। दरअसल, वह सत्ता के हिसाब से पार्टियां बदलते रहते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले वह भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में दाखिल हो गए थे। हालांकि, उन्हें फायदा नहीं मिला और चुनाव हार गए। अब एक बार फिर लोकसभा चुनाव से पहले धर्म सिंह सैनी ने भारतीय जनता पार्टी में एंट्री मारने की पटकथा लिखी। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खतौली में हैं। धर्म सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के मंच से भाजपा में दाखिला लेने की जुगत भिड़ा ली थी। वह सुबह अपने घर से लाव-लश्कर के साथ निकले लेकिन बीच रास्ते ही उन्हें वापस लौटना पड़ा है।

भाजपा के रणनीतिकारों ने सैनी बिरादरी पर अच्छा प्रभाव डालने की बात कही
मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव करवाया जा रहा है।  यहां के विधायक विक्रम सैनी को अदालत ने 2 साल की सजा सुना दी थी। जिसके बाद वह अयोग्य घोषित कर दिए गए। अब भारतीय जनता पार्टी ने विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को अपना उम्मीदवार बनाया है। मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली जिलों में सैनी बिरादरी अच्छा-खासा प्रभाव रखती है। भारतीय जनता पार्टी के रणनीतिकारों को बताया गया कि अगर धर्म सिंह सैनी को मुख्यमंत्री के मंच से भाजपा में एंट्री दी गई तो खतौली विधानसभा चुनाव पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने मंच पर धर्म सिंह सैनी को खड़ा करने से साफ इंकार कर दिया। यही वजह है कि सुबह घर से निकले धर्म सिंह सैनी को निराशा लेकर उल्टे पांव घर वापस लौटना पड़ा है।

कौन हैं धर्म सिंह सैनी
धर्म सिंह सैनी फिलहाल समाजवादी पार्टी में हैं। वह सहारनपुर की अलग-अलग विधानसभा सीटों से लगातार चार बार विधायक रहे हैं। वह साल 2002 में पहली बार विधायक बने थे। तब उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार थी। उन्हें बेसिक शिक्षा मंत्री बनाया गया था। साल 2007 में वह फिर समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। 2012 में एक बार फिर उन्होंने बहुजन समाज पार्टी का दामन थाम लिया और लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए। 2017 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में आ गए थे और योगी आदित्यनाथ सरकार में 5 वर्षों तक मंत्री रहे। अब 2022 में हुए विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने भाजपा को अलविदा कह दिया था और समाजवादी पार्टी में दोबारा दाखिला ले लिया था। इस बार उनका पूर्वानुमान नाकामयाब साबित हुआ और वह चुनाव हार गए। अब गुरुवार को महज 321 दिन बाद धर्म सिंह सैनी एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच से भारतीय जनता पार्टी का दामन थामना चाहते थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.