बीजेपी, बसपा और कांग्रेस के नेताओं ने समाजवादी पार्टी का थामा दामन, अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता

BIG BREAKING : बीजेपी, बसपा और कांग्रेस के नेताओं ने समाजवादी पार्टी का थामा दामन, अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता

बीजेपी, बसपा और कांग्रेस के नेताओं ने समाजवादी पार्टी का थामा दामन, अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता

Tricity Today | अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता

उत्‍तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की तैयारियां तेज चल रही हैं। शनिवार को एक बार फिर भाजपा, बसपा, कांग्रेस सहित कई नेताओं ने सपा की सदस्‍यता ग्रहण की है। राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी की कोशिश रहेगी कि हम लगातार लोगों को जोड़ें और हर वर्ग के लोगों को जोड़ेंगे। उन्‍होंने कहा, जब हम जोड़ने में कामयाब हो जाएंगे, तब हर सरकार बना लेंगे।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर साधा निशाना : पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों पर पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा,कि भाजपा सरकार जान-बूझकर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही है। सरकार ना जाने ये पैसा लेकर कहां जा रही है। जिस समय डीजल-पेट्रोल महंगा होता है, उसी समय मंहगाई बढ़ जाती है। इस सरकार की महंगाई में मध्य वर्ग और गरीब वर्ग सोच रहा है कि क्या खाएं और क्या बचाएं।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना : इस दौरान अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने जनता को निराश किया है। बीजेपी सरकार में लोगों का सबसे ज़्यादा अपमान हुआ है। चाहे वो किसान हों, नौजवान हों या फिर किसी वर्ग के लोग हों, इतना अपमान किसी ने नहीं किया होगा।

बीजेपी ने नहीं किया यूपी में कोई काम : सपा अध्‍यक्ष ने कहा, आज 4 साल होने के बाद बीजेपी के पास उत्तर प्रदेश में बताने को कोई काम नहीं है। इसलिए पुरानी सरकार के काम को अपना बताते हैं। अभी तक उन्‍होंने पुराने उद्घाटनों का उद्घाटन किया है। ये सरकार समाजवादी पार्टी के कार्य को अपना काम बताती है। मेट्रो का जो भी काम लखनऊ में हुआ है, वह सिर्फ सपा ने किया है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में मेट्रो का पहले साल में ही वादा किया था, चार साल हो गए लेकिन आज तक काम कुछ नहीं हुआ।

सीएम योगी पर साधा निशाना : अखिलेश यादव ने कहा, मुख्‍यमंत्री जनता के बीच जो भाषा बोलते हैं, वैसी भाषा कोई भी नहीं बोलता है। सीएम बताते हैं कि इन लोगों के DNA  में विभाजन है। अगर वो DNA का मतलब बता दें तो मैं मान जाऊं। सीएम के ‘ठोक दो’ के नारे का असर तो ऐसा है कि कानून व्यवस्था खराब हो गई। इतना क्राइम कभी इससे पहले नहीं हुआ। पुलिस लोगों के साथ नाइंसाफी कर रही है और लोगों को फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने कभी किसी बलात्कारी, कभी अपने मुख्‍यमंत्री और ना कभी अपने उपमुख्‍यमंत्री के मुकदमे वापस लिए हैं।

अपर्णा यादव ने राम मंदिर निर्माण के लिए 11 लाख 11 हजार रुपए का दान दिया है। इस पर सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी और मैंने अपने लिए कहा है कि हम भी मंदिर के लिए दक्षिणा देंगे। लेकिन पता नहीं भारतीय जनता पार्टी को उससे क्या परेशानी है।

भाजपा-बसपा और कांग्रेस सहित कई नेता सपा में शामिल : अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्‍यालय पर आजमगढ़ से कांग्रेस के नेता डॉक्टर अभिषेक राय, गोंडा से भाजपा नेत्री सौम्‍या पांडेय, बसपा नेता कृष्‍ण कुमार पाल सहित कई नेताओं को पार्टी सदस्‍यता दिलाई। इस दौरान कमल कुमार प्रजापति ने अपनी पार्टी का विलय सपा में कर दिया। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने तीन पुस्‍तकों का विमोचन भी किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.