नेपाल से ला रहे थे 3 करोड़ की चरस, पुलिस ने चार अंतरराष्ट्रीय तस्कर दबोचे 

 मथुरा से बड़ी खबर : नेपाल से ला रहे थे 3 करोड़ की चरस, पुलिस ने चार अंतरराष्ट्रीय तस्कर दबोचे 

नेपाल से ला रहे थे 3 करोड़ की चरस, पुलिस ने चार अंतरराष्ट्रीय तस्कर दबोचे 

Google Image | Symbolic Image

Mathura News (Sachin) : मथुरा के मांट थाना क्षेत्र से एंटी नारकोटिक्स टास्क की टीम ने चेकिंग के दौरान अंतर्राष्ट्रीय गैंग के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर टाटा सफारी गाड़ी में छुपाकर नेपाल से चरस ला रहे थे। पुलिस टीम ने आरोपियों की गाड़ी से 50 किलो चरस बरामद की है। इसकी बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके बाद अब पुलिस पकड़े गए तस्करों से उनके अन्य साथियों और गैंग के बारे में जानकारी करने में जुटी है।

गाड़ी के मडगार्ड पर कवर लगाकर बनाए थे बॉक्स
एंटी नारकोटिक्स टास्क के अधिकारियों के अनुसार बुधवार को एक सूचना के आधार पर टास्क की टीम एक्सप्रेस वे पर जगह-जगह चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मांट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सफेद रंग की टाटा सफारी गाड़ी को रोका। गाड़ी में चार युवक सवार थे। पुलिस टीम ने गाड़ी की अच्छे से तलाशी ली, तो गाड़ी के मडगार्ड में कुछ अलग सा लगा। मडगार्ड की अच्छे से जांच की गई तो पता चला कि मडगार्ड पर अलग से एक कवर लगाकर बॉक्स बनाया गया था। इसमें चरस रखी गई थी। पुलिस ने गाड़ी से 50 किलो चरस बरामद की है। बरामद की गई चरस की कीमत बाजार में लगभग 3 करोड रुपए है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान बाराबंकी निवासी शाहिद, नूर आलम, आबिद और नूर आलम के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आबिद इस तस्कर गैंग का सरगना है। वह नेपाल के एक नशे के गैंग से जुड़ा हुआ है।

दिल्ली सहित कई राज्यों में करते हैं सप्लाई
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तस्करों को नेपाल के तस्कर बिहार के चंपारण में चरस सप्लाई करते हैं। इसके बाद ये लोग चंपारण से गाड़ी में छुपाकर चरस को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, लखनऊ आदि में सप्लाई करते थे। पकड़े गए सरगना आबिद से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके अलावा उसके कॉल डिटेल को भी जांचा जा रहा है, ताकि पता चल सके कि वह किस-किस के संपर्क में था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.