एक्वा लाइन पर रात आठ बजे तक दौड़ेगी मेट्रो, एनएमआरसी ने जारी किया नया टाइम टेबल, जानें क्या बदलाव हुए हैं

Greater Noida Metro News : एक्वा लाइन पर रात आठ बजे तक दौड़ेगी मेट्रो, एनएमआरसी ने जारी किया नया टाइम टेबल, जानें क्या बदलाव हुए हैं

एक्वा लाइन पर रात आठ बजे तक दौड़ेगी मेट्रो, एनएमआरसी ने जारी किया नया टाइम टेबल, जानें क्या बदलाव हुए हैं

Google Image | Noida Metro

कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (Noida Metro Rail Corporation) ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा लाइन मेट्रो रेल के समय में बदलाव किया है। अब मेट्रो ट्रेनों का संचालन पहले के मुकाबले कम वक्त तक किया जाएगा। साथ ही दो मेट्रो के बीच के समयांतराल को बढ़ा दिया गया है। मतलब अब मुसाफिरों को ज्यादा इंतजार करना होगा। साथ ही वीकेंड कर्फ्यू के मौके पर मेट्रो के संचालन के लिए अलग वक्त तय किया गया है। नया टाइम टेबल आगामी शनिवार, 24 अप्रैल से लागू होगा। एनएमआरसी (NMRC) की तरफ से कहा गया है कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए यह फैसला लिया गया है। 

रात आठ बजे तक चलेगी मेट्रो
नए टाइम टेबल (Time Table) के मुताबिक सोमवार से शुक्रवार तक मेट्रो ट्रेन सुबह 7:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक चलेगी। पीक ऑवर में सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे और शाम 5:00 बजे से 8:00 बजे तक मेट्रो ट्रेनों के बीच में 15 मिनट का अंतराल रखा जाएगा। बाकी समय में हर 30 मिनट पर एक मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी।  शनिवार और रविवार को कोरोना कर्फ्यू वाले दिन मेट्रो ट्रेन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे और शाम 4:00 बजे से 8:00 बजे तक संचालित की जाएगी। शनिवार और रविवार को मेट्रो सेवाओं में 1 घंटे का अंतराल रखा जाएगा।  

फास्ट ट्रेन दौड़ती रहेगी
एनएमआरसी ने जानकारी देते हुए कहा है कि पीक ऑवर में सोमवार से शुक्रवार तक फास्ट ट्रेन (Fast Metro Rail) की सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। संशोधित टाइम टेबल 24 अप्रैल, शनिवार से लागू होगा। एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक ऋतु महेश्वरी (Ritu Maheshwari IAS) ने बताया कि जनपद में कोरोना महामारी के बढ़ते खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (Noida Metro Rail Corporation) अपने यात्रियों और शहर के लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। 

कोरोना को हराना है
उन्होंने आगे कहा, “हमारा मकसद कोरोना महामारी को फैलने से रोकना है। इसके लिए सबसे जरूरी इसकी चेन को तोड़ना है। इसीलिए मेट्रो के समय में संशोधन किया गया है।  ऋतु महेश्वरी (MD Ritu Maheshwari IAS) ने बताया कि फास्ट ट्रेनों की सेवाएं पहले की तरह जारी रहेगी। सोमवार से शुक्रवार तक निर्धारित समय तक फास्ट मेट्रो नोएडा से ग्रेटर नोएडा और वापसी की अपनी सेवाएं देती रहेगी।”

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.