बदमाशों ने चश्मदीद की गोली मार कर हत्या की, भड़की भीड़ ने पुलिस वाहन फूंका, हालात तनावपूर्ण

मऊ : बदमाशों ने चश्मदीद की गोली मार कर हत्या की, भड़की भीड़ ने पुलिस वाहन फूंका, हालात तनावपूर्ण

बदमाशों ने चश्मदीद की गोली मार कर हत्या की, भड़की भीड़ ने पुलिस वाहन फूंका, हालात तनावपूर्ण

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के चिरैयाकोट क्षेत्र में एक गवाह की तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद से ही जिले में तनाव व्याप्त है। हत्याकांड से गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ की। सड़कों पर आगजनी की और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के वाहनों पर पथराव किया और उसे आग के हवाले कर दिया। पुलिस लोगों को समझाने को कोशिश करती रही। पर, लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। दरअसल पूर्व ग्राम प्रधान की हत्या के मामले में उसका भतीजा गवाह था। 

मंगलवार को तीन अज्ञात बदमाशों ने गवाह की गोली मार कर हत्या कर दी। इससे ग्रामीण आक्रोश में आ गए। मऊ पुलिस ने मीडिया को बुधवार को इस बारे में जनाकारी दी। पुलिस ने बताया कि चिरैयाकोट इलाके के असलपुर गांव में पिछले साल भरी पंचायत में पूर्व ग्राम प्रधान मुन्ना बागी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। अरविंद राम पूर्व प्रधान और अपने चाचा की हत्या के वक्त घटनास्थल पर मौजूद था और मामले में गवाह था। पूर्व प्रधान हत्या कांड की सुनवाई फिलहाल न्यायालय में चल रही है। मामले में अरविंद की गवाही महत्वपूर्ण थी। 

इसीलिए अज्ञात हमलावरों ने मंगलवार देर शाम अरविन्द राम की गोली मारकर हत्या कर दी। जैसे ही अरविन्द के हत्या की सूचना गांव में पहुंची, लोग भारी आक्रोश में आ गए। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जम कर गुस्सा निकाला। सड़कें जाम कीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। भारी भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और पुलिस के वाहन पर पथराव करते हुए आग लगा दी। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.