विधायक अब्बास की बीवी निखत 3 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर रहेगी, इन सवालों का मिलेगा जवाब

Chitrakoot News : विधायक अब्बास की बीवी निखत 3 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर रहेगी, इन सवालों का मिलेगा जवाब

विधायक अब्बास की बीवी निखत 3 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर रहेगी, इन सवालों का मिलेगा जवाब

Google Image | विधायक अब्बास की बीवी निखत

Chitrakoot News : चित्रकूट जिला कारागार में सजा काट रहे विधायक अब्बास अंसारी की पत्नी निखत अंसारी शुक्रवार से 3 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर रहेगी। यह फैसला गुरुवार को लखनऊ की एंटी करप्शन कोर्ट में सुनवाई के दौरान सुनाया गया है। चित्रकूट पुलिस ने निखत अंसारी और उसके ड्राइवर नियाज के लिए रिमांड की मांग की थी। अब निखत अंसारी को 3 दिनों के लिए और उसके ड्राइवर नियाज को 5 दिनों के लिए पुलिस की कस्टडी में रखा जाएगा।

रिमांड में इन सवालों का मिलेगा जवाब 
पुलिस कस्टडी के दौरान दोनों से काफी सवाल-जवाब किए जाएंगे। इसमें काफी अहम सुराग हाथ लग सकते हैं। इसके अलावा यह भी पता चल सकता है कि अब से पहले कितनी बार निखत अंसारी अपने शौहर अब्बास अंसारी से जेल में मिलने आई थी। इसके अलावा जेल में मुलाकात के लिए किन-किन लोगों ने उसकी मदद की थी। इसके पीछे किस अधिकारी का हाथ है। इन सभी सवालों का जवाब 3 दिनों की कस्टडी में निखत अंसारी से लिए जाएंगे।

जेल सुपरिटेंडेंट समेत 5 लोगों पर एफआईआर
आपको बता दें कि बीते 11 फरवरी 2023 को चित्रकूट जिला कारागार में कैद विधायक अब्बास अंसारी की पत्नी निखत अंसारी को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में चित्रकूट के जिलाधिकारी अभिषेक आनंद और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने संयुक्त प्रेस वार्ता करके जानकारी दी थी। इस मामले में विधायक की पत्नी और जेल सुपरिटेंडेंट समेत 5 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला
जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया था कि निरीक्षण के दौरान विधायक अब्बास अंसारी अपने बैरिक में नहीं मिले थे। जिसको लेकर जांच की गई तो पाया गया कि वह अपनी पत्नी निखत अंसारी के साथ जेल अधीक्षक कार्यालय के पास एक बंद कमरे में थीं। वह अपने शौहर से मुलाकात कर रही थीं। निरीक्षण के दौरान मुलाकात से सम्बंधित दस्तावेज देखे गए। रजिस्टर में निखत अंसारी की एंट्री नहीं पाई गई है। जिसको लेकर निखत अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरे मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

विधायक की बीवी निखत अंसारी इस समय जेल में बंद
पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया था कि इस मामले में निखत अंसारी, उनके ड्राइवर नियाज और जेल अधीक्षक अशोक सागर समेत 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के दौरान निखत अंसारी के पास से भारतीय मुद्रा के साथ सऊदी अरेबिया की विदेशी मुद्रा, कुछ सोने के गहने और 2 एंड्राइड फोन पुलिस ने बरामद किए हैं। जिनको पुलिस ने कब्जे में लेकर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जेल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को पुलिस ने सील कर लिया है। इस समय अब्बास अंसारी की पत्नी निखत अंसारी जेल में है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.