राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे, डिफेंस कॉरिडोर की नींव रखेंगे

अलीगढ़ में मोदी : राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे, डिफेंस कॉरिडोर की नींव रखेंगे

राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे, डिफेंस कॉरिडोर की नींव रखेंगे

Social Media | नरेंद्र मोदी

Uttar Pradesh News : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल अलीगढ़ में रहेंगे। वह राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। इसके आलावा प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर (अलीगढ़ नोड) के प्रदर्शनी माॅडल्स का अवलोकन भी करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मिलित होंगे।

कोल तहसील के तीन गांवों की जमीन पर बनेगी यूनिवर्सिटी
राज्य सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद और समाज सुधारक राजा महेन्द्र प्रताप सिंह की स्मृति और सम्मान में प्रदेश सरकार अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित कर रही है। यह विश्वविद्यालय जनपद अलीगढ़ की तहसील कोल के ग्राम लोधा और मूसेपुर और जिरौली के कुल 92.27 एकड़ क्षेत्रफल में स्थापित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन और छात्रावास, आवासीय भवन आदि के निर्माण पर 101.41 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 

चार जिलों के 395 महाविद्यालय यूनिवर्सिटी से सम्बद्ध होंगे
इस विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में अलीगढ़ मण्डल के चारों जिले अलीगढ़, कासगंज, हाथरस और एटा शामिल हैं। अलीगढ़ मण्डल के 395 महाविद्यालय इस विश्वविद्यालय से सम्बद्ध होंगे। इसकी स्थापना से अलीगढ़ मण्डल के छात्र-छात्राओं को उच्चस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

डिफेन्स कॉरिडोर में 19 कम्पनियां 1,245 करोड़ रुपए का निवेश करेंगी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 21 फरवरी, 2018 को लखनऊ में उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट के दौरान यूपी में एक डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर स्थापित करने की घोषणा की थी। उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर के सम्यक विकास के लिए कुल 6 नोड अलीगढ़, आगरा, कानपुर, चित्रकूट, झांसी और लखनऊ बनाए गए हैं। डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में निवेश प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने ‘उत्तर प्रदेश रक्षा, एयरोस्पेस इकाई और रोजगार प्रोत्साहन नीति-2019’ लागू की है। अलीगढ़ नोड के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब तक 19 कम्पनियों को भूमि का आवंटन किया जा चुका है। यह कम्पनियां 1,245 करोड़ रुपए का निवेश करेंगी।

अलीगढ़ में इन रक्षा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा
प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ में तीव्र गति से अवस्थापना और विकास के कार्य किए हैं। अलीगढ़ नोड में छोटे हथियार, आयुध, ड्रोन, एयरोस्पेस मेटल कम्पोनेण्ट्स, एण्टी ड्रोन सिस्टम, डिफेंस पैकेजिंग और अन्य इण्डस्ट्रीज प्रस्तावित हैं। उत्तर प्रदेश के डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर से देश को रक्षा उत्पादन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और ‘मेक इन इण्डिया’ को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.