प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, बोलीं- ‘संगठन का सुझाव महत्वपूर्ण’

UP News: प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, बोलीं- ‘संगठन का सुझाव महत्वपूर्ण’

प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, बोलीं- ‘संगठन का सुझाव महत्वपूर्ण’

Tricity Today | प्रियंका गांधी वाड्रा

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रयागराज और सुल्तानपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि चुनाव के समय संगठन की राय सबसे अहम होने वाली है।

उत्तर प्रदेश में होने वाले अगले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी द्वारा जोन वाइज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिला संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद हैं। शुक्रवार को प्रयागराज और सुल्तानपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में संगठन निर्माण का काम सबसे अहम होता है। ऐसे में संगठन के सभी पदाधिकारी मजबूती के साथ काम में लगे रहें। कांग्रेस द्वारा इस दौरान महंगाई और किसान समेत कई अन्य मुद्दों पर आंदोलन करने की रणनीति बनाई गई।

विचारणीय है कि अगले वर्ष 2022 की शुरुआत में प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होना है। कांग्रेस पार्टी लगातार उससे पहले जमीन पर सक्रिय दिख रही है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में कांग्रेस द्वारा हाल के दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कई मामलों को लेकर धरना प्रदर्शन किया है। वहीं कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी भी बड़े मुद्दों को उठा रही हैं। सोशल मीडिया के जरिये प्रियंका गांधी लगातार यूपी सरकार पर निशाना साध रही हैं। 

इस बार के विधानसभा चुनाव में यूपी में सभी बड़े दल अलग-अलग लड़ने का मन बना रहे हैं। इससे दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है। एक ओर बीजेपी सत्ता में है तो वहीं बसपा और सपा दोनों पार्टियों ने किसी बड़ी पार्टी से गठबंधन को लेकर मना कर दिया है। कांग्रेस भी अभी तक अपना अलग ही रास्ता अपनाते दिख रही है। लेकिन कांग्रेस चुनाव में किस रणनीति के साथ उतरेगी और किसके साथ गठबंधन करेगी यह अभी तय नहीं है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.