सैफई में अंतिम विदाई, पूरे यूपी के सपा नेताओं में छाया मातम

अखिलेश यादव के चाचा का निधन : सैफई में अंतिम विदाई, पूरे यूपी के सपा नेताओं में छाया मातम

सैफई में अंतिम विदाई, पूरे यूपी के सपा नेताओं में छाया मातम

Google Image | अखिलेश यादव

Lucknow News : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा राजपाल सिंह यादव का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और इलाज के दौरान गुरुवार सुबह 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। इस खबर के बाद यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार को एक साथ लेकर चले 
राजपाल सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पांच भाइयों में से चौथे स्थान पर थे। वह शिवपाल यादव से बड़े और मुलायम सिंह यादव से छोटे थे। भले ही राजपाल यादव ने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी, लेकिन वह यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के लिए एक मजबूत आधार बने रहे। उनके पुत्र अंशुल यादव ने उनके मार्गदर्शन में सक्रिय राजनीति में कदम रखा और दो बार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए। 

पत्नी बनी यादव परिवार की पहली नेता 
उनकी पत्नी प्रेमलता यादव ने वर्ष 2005 में राजनीति में प्रवेश कर यादव परिवार की पहली महिला नेता होने का गौरव प्राप्त किया। उनके इस कदम के बाद परिवार की अन्य महिलाओं जैसे सरला यादव, डिंपल यादव और अपर्णा यादव ने भी राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखा।

सैफई में अंतिम विदाई
राजपाल यादव के पार्थिव शरीर को गुरुग्राम से उनके पैतृक गांव सैफई लाया गया। यहां उनके अंतिम दर्शनों के लिए शव को रखा गया। यादव परिवार, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। 

यादव परिवार का गुमनाम योद्धा
राजपाल सिंह यादव अपने बड़े भाई मुलायम सिंह यादव और छोटे भाई शिवपाल यादव के साथ पारिवारिक एकता को बनाए रखने में एक महत्वपूर्ण कड़ी थे। वह शांत और सादगी भरे स्वभाव के लिए जाने जाते थे। पर्दे के पीछे रहकर उन्होंने परिवार की राजनीतिक विरासत को सहेजने और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके पुत्र अंशुल यादव ने कहा, "पिताजी हमेशा से हमें सादगी और निष्ठा का पाठ पढ़ाते थे। उनकी छत्रछाया में हमने जो सीखा, वह हमें हमेशा मार्गदर्शन देगा।"

Copyright © 2024 - 2025 Tricity. All Rights Reserved.