अस्पताल में भर्ती मंत्री नन्दगोपाल नन्दी को व्हाट्सएप पर किसी ने भेजे 2 फोटो, भावुक होकर लिखी पूरी कहानी

जीवनसाथी हम... अस्पताल में भर्ती मंत्री नन्दगोपाल नन्दी को व्हाट्सएप पर किसी ने भेजे 2 फोटो, भावुक होकर लिखी पूरी कहानी

अस्पताल में भर्ती मंत्री नन्दगोपाल नन्दी को व्हाट्सएप पर किसी ने भेजे 2 फोटो, भावुक होकर लिखी पूरी कहानी

Tricity Today | नन्द गोपाल नन्दी की शादी का फोटो

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता नन्दी (Nand Gopal Gupta Nandi) आजकल अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार की दोपहर उनका ऑपरेशन किया गया है। वह अभी अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, लेकिन ट्वीटर पर खासे सक्रिय हैं। अपने शुभचिंतकों और समर्थकों को अपने बारे में जानकारियां दे रहे हैं। इसी बीच शनिवार को नन्दी ने दो फोटो ट्वीट किए हैं। इन फोटोज की कहानी साझा की है। यह दोनों फोटो नन्दी और पत्नी अभिलाषा के विवाह की हैं। नन्दी ने ट्वीट करके बताया है कि यह दोनों फ़ोटो उन्हें किसी ने व्हाट्सएप की हैं। जिन्हें देखकर पुराने दिनों की याद आ गई और वह बहुत भावुक हैं।

...अतीत में याद आता है वो छोटा सा कमरा
नन्दगोपाल गुप्ता नन्दी ने पहले ट्वीट में लिखा, "इस तस्वीर के सहारे जब अतीत में मुड़कर देखता हूं तो याद आता है वो छोटा-सा कमरा जो हमारा घर और हमारा संसार था। उसी छोटे से कमरे में विवाह की सारी रस्में हुई थीं और हमने जीवन भर साथ चलने के लिए एक-दूसरे का हाथ थामा था।अभिलाषा जी ने जीवन के हर मोड़ और हर कदम पर अपने दाम्पत्य की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। 2010 में बम ब्लास्ट का समय तो ऐसा था, जब सबकुछ टूटकर बिखर जाता लेकिन अपनी जीवटता से उन्होंने न केवल परिवार को संभाला बल्कि अपनी निरन्तर सेवा से मुझे भी नया जीवन दिया।" यह विवाह प्रमाण पत्र 27 मई 1994 का है, जो मिर्जापुर के मैरिज ऑफिसर ने जारी किया है।

"अभिलाषा जी ने घर और समाज को संभाला"
यूपी के औद्योगिक विकास मंत्री ने आगे लिखा है, "आगे चलकर राजनैतिक रूप से सक्रिय होने और मेयर चुने जाने के बाद भी उन्होंने (अभिलाषा) जनसेवा व पारिवारिक दायित्वों के बीच संतुलन बनाया। एक जनप्रतिनिधि की भूमिका में भी सदैव अव्वल रहीं और आगे बढ़कर लोगों की सेवा को ही ध्येय बनाया। आज किसी ने जब करीब ढाई दशक पुरानी यह तस्वीर व्हाट्सऐप पर भेजी तो प्रतिकूलताओं और संघर्ष का प्रत्येक उतार-चढ़ाव आँखों के सामने जीवन्त हो उठा। सौभाग्यशाली हूँ कि एक जीवनसाथी के रूप में अभिलाषा जी का साथ मिला, जिन्होंने कभी शिकवा-शिकायत नहीं की।" आपको बता दें कि यह दो फोटो नन्दगोपाल गुप्ता नन्दी के विवाह की फोटो हैं। एक फोटो में नन्दी और अभिलाषा गले में वर मालाएं डालकर खड़े हैं। पीछे एक शटर नजर आ रहा है। दूसरे फोटो में नन्दी और अभिलाषा का विवाह प्रमाण पत्र है। यह दोनों फोटो किसी ने नन्दगोपाल नन्दी को व्हाट्सएप पर भेजे हैं।

दूसरी बार मिली बड़ी जिम्मेदारी 
नंद गोपाल नंदी पर एक बार फिर योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया है। नंद गोपाल नंदी को योगी आदित्यनाथ ने पहले कार्यकाल में कैबिनेट मिनिस्टर बनाया था। अब एक बार फिर मंत्रिमंडल में स्थान दिया है। नंद गोपाल नंदी ने योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल में नागरिक उड्डयन, राजनीतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज मंत्री थे। इस बार यूपी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री बनाया है।

नंद गोपाल नंदी ने ऐसे छुआ आसमान
नंद गोपाल गुप्ता का जन्म 23 अप्रैल 1974 को इलाहाबाद में हुआ। वह एक राजनेता और उद्योगपति हैं। उन्हें लोकप्रिय रूप से "नंदी" नाम में जाना जाता है। नंदी ने अपने व्यवसायिक जीवन की शुरुआत समोसे और चाट बेचने से की थी। बचपन में लोगों के जूते चप्पल पॉलिश किए हैं। उन्होंने अपनी मेहनत के बूते बड़ा कारोबार खड़ा किया है। उन्हें सूबे में व्यापारियों का नेता और गरीबों के लिए मसीहा कहा जाता है। गुप्त दान करना उनकी आदतों में शुमार है। पहले बसपा से राजनीतिक करियर की शुरूआत करने वाले मंत्री कांग्रेस से भी चुनाव लड़ चुके हैं। अब भाजपा की सरकारों में कद्दावर मंत्री हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.