यूपी ने टीकाकरण में अमेरिका और रूस को पीछे छोड़ा, बनाया ये रिकॉर्ड, पढ़ें रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश : यूपी ने टीकाकरण में अमेरिका और रूस को पीछे छोड़ा, बनाया ये रिकॉर्ड, पढ़ें रिपोर्ट

यूपी ने टीकाकरण में अमेरिका और रूस को पीछे छोड़ा, बनाया ये रिकॉर्ड, पढ़ें रिपोर्ट

Tricity Today | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोविड-19 की रोकथाम के लिए गठित टीम-9 के साथ की समीक्षा बैठक

Uttar Pradesh :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की अगुवाई में 9 करोड़ निवासियों को कोरोना वायरस टीके की खुराक देकर उत्तर प्रदेश ने दुनिया के चुनिंदा विकसित देशों को पछाड़ दिया है। यूपी में विश्व के विकसित देशों संयुक्त राज्य अमेरिका और रूस के मुकाबले ज्यादा तेजी से लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। इसका असर यह है कि 24 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में 9 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है। कोविड-19 की रोकथाम के लिए गठित टीम-9 के साथ समीक्षा बैठक के दौरान आज सुबह सीएम आदित्यनाथ को इस बारे में जानकारी दी गई। 

उन्हें बताया गया कि कोविड से बचाव के लिए प्रदेश में टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। आज यूपी 9 करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन डोज देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। अब तक प्रदेश में 7 करोड़ 45 लाख से अधिक लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है। जबकि 1.52 करोड़ से ज्यादा लोगों ने दोनों डोज का कवर पा लिया है। बीते दिन सूबे में 10 लाख 80 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन की खुराक दी गई। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया को और तेज किए जाने की आवश्यकता है। उन्होने अफसरों को टीके की उपलब्धता के लिए भारत सरकार से सतत संपर्क बनाए रखने का आदेश दिया। 

2.25 लाख टेस्ट रोजाना हो रहे हैं
देश के अन्य राज्यों के सापेक्ष उत्तर प्रदेश में स्थिति बहुत बेहतर है। आज प्रदेश के 34 जिलों में कोविड का एक भी एक्टिव केस नहीं है। विगत दिवस हुई कोविड टेस्टिंग में 66 ज़िलों में संक्रमण का कोई भी नया केस नहीं मिला। वर्तमान में 182 संक्रमितों का उपचार हो रहा है। औसतन हर दिन सवा दो लाख से ढाई लाख तक टेस्ट हो रहें हैं। जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 से भी कम हो गई है और रिकवरी दर 98.7 फीसदी है।

19 नए मरीज मिले
एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। अब तक राज्य में 7 करोड़ 55 लाख 39 हजार 756 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। विगत 24 घंटे में हुई 2 लाख 21 हजार 226 सैम्पल टेस्टिंग में 19 नए मरीजों की पुष्टि हुई। मात्र 9 जनपदों में ही नए मरीज मिले। इसी अवधि में 16 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में अब तक 16 लाख 86 हजार 538 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। सीएम ने कहा कि यह सतर्कता और सावधानी बरतने का समय है। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ाने का कारक बन सकती है।

34 जिले कोरोना मुक्त हुए
प्रदेश के 34 जनपदों (अलीगढ़, अमरोहा, अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बस्ती, बहराइच, भदोही, बिजनौर, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, एटा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गोंडा, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, महोबा, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, सहारनपुर, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, सुल्तानपुर और सोनभद्र) में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.